कुंदन कुमार, पटना। निशांत कुमार की राजनीतिक एंट्री पर बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। आज सोमवार (9 मार्च) को पटना में मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा कि, वह राजनीति में आए हैं। निशांत का स्वागत है। यह फैसला जेडीयू का है।

वहीं, जब उनसे यह पूछा गया कि राबड़ी देवी ने कहा है कि नीतीश कुमार की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है, बीजेपी वाले उनको भगा रहे हैं। इस सवाल पर सम्राट चौधरी ने चुप्पी साध ली और बिना कोई जवाब दिए ही वहां से चल गए।

भाजपा जदयू को समाप्त करेगी- राजद

वहीं, राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि, कई महीनों से चर्चा थी कि नीतीश कुमार के सपुत्र निशांत कुमार राजनीति में आएंगे। देखना है कि अब कौन सी जिम्मेदारी निभाएंगे। हमारे नेता ने पहले भी कहा था कि राजनीति में आना चाहिए उनका स्वागत है। लेकिन जिस घटनाक्रम के तहत वे आए हैं। भाजपा ने उन्हें इन कराया, आउट भी भाजपा ही करा देगी और JDU को समाप्त करेगी।

निशांत ने सामने रखा अपना विजन

गौरतलब है कि कल रविवार (8 मार्च) को पटना स्थित पार्टी कार्यालय में निशांत कुमार ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें पार्टी सदस्यता दिलाई। जदयू में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने अपने विजन को भी सामने रखा।

निशांत ने संबोधन में उन्होंने कहा कि, उनका सबसे बड़ा लक्ष्य बिहार की जनता के दिल में जगह बनाना है। निशांत ने कहा कि, पिछले करीब दो दशकों में उनके पापा नीतीश कुमार ने राज्य के विकास के लिए कई बड़े काम किए हैं, जिसकी वजह से बिहार की छवि बदली है। अब उनकी कोशिश होगी कि उस भरोसे को आगे भी मजबूत किया जाए।

ये भी पढ़ें- बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर बीजेपी का बड़ा फैसला, इन दो नेताओं को सौंपी अहम जिम्मेदारी, 5वीं सीट पर फंस सकता है पेच