सीवान। जिले में बेखौफ अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बसंतपुर थाना के बगल में स्थित ‘अरुण ज्वेलर्स’ में करीब 25 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

​बोरे में भरी ज्वेलरी

​पीड़ित दुकानदार अरविंद सोनी के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे दो बाइकों पर सवार होकर 6 अपराधी पहुंचे। इनमें से 4 के चेहरे ढके हुए थे। दुकान में घुसते ही अपराधियों ने ग्राहकों और मालिक को गन पॉइंट पर ले लिया। एक चश्मदीद सुरेश ने बताया कि अपराधी ने उनकी गर्दन पर बंदूक सटा दी और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। करीब 20 मिनट तक लुटेरों ने दुकान की अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और कैश बटोरकर बोरे में भरा और बड़ी आसानी से फरार हो गए।

​पुलिस की सुस्ती पर फूटा जनता का गुस्सा

​चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित थाने की पुलिस को भनक तक नहीं लगी। इससे आक्रोशित स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने सीवान-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और सड़क पर आगजनी कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि पुलिस की गश्त और सक्रियता शून्य हो चुकी है।

​एसपी ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

​मामले की गंभीरता को देखते हुए सीवान एसपी पूरन कुमार झा और महाराजगंज एसडीपीओ अमन मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि लूट की राशि और सामान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और गश्ती दल की भूमिका की जांच की जा रही है। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।