प्रमोद कुमार/कैमूर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड पर मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। भभुआ रोड और मुठानी स्टेशन के बीच बरेज गांव के समीप डीएफसी रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों भाई खेतों की ओर जा रहे थे।

​खेत जाने के दौरान हुआ हादसा

​मृतकों की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बरेज गांव निवासी मदन साह के पुत्रों, 24 वर्षीय प्रिंस कुमार और 22 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गांव एक तरफ है और खेती की जमीन रेलवे लाइन के दूसरी तरफ। ग्रामीण प्रतिदिन इसी ट्रैक को पार कर अपने खेतों तक जाते हैं। मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे दोनों भाई आने वाली ट्रेन को देख नहीं सके और उसकी चपेट में आ गए।

​मौके पर जुटी भीड़ और पुलिस की कार्रवाई

​हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ जवान एस.के. पांडेय और मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है।

​ग्रामीणों ने की अंडरपास की मांग

​इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है। स्थानीय ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन और सरकार से मांग की है कि बरेज गांव के समीप अंडरपास या ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि खेती के लिए उन्हें रोज लाइन पार करनी पड़ती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।