Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (10 मार्च 2026) की खबरों में अरविंद केजरीवाल का दावा; ‘बंद हुई LPG गैस की सप्लाई, राजधानी में बनेगा पीएम एकता मॉल, ED की याचिका पर अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को नोटिस, दिल्ली में अंगदान की नई राह: रेखा सरकार ने केंद्र के साथ MoU पर किए हस्ताक्षर, दिल्ली में लापता यूट्यूबर आकाश का शव 2 दिन झाड़ियों में पड़ा मिला प्रमुख रहा।

अरविंद केजरीवाल का दावा; ‘बंद हुई LPG गैस की सप्लाई

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को छोड़कर बाकी सभी कमर्शियल संस्थानों को LPG गैस की सप्लाई बंद कर दी गई है। फिलहाल केवल घरेलू उपयोग के लिए गैस दी जा रही है। केजरीवाल ने यह बयान तब दिया जब उन्होंने पेट्रोलियम मंत्रालय की एक पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए उस पर अपनी टिप्पणी की। उनका दावा है कि इस कदम से घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

पढ़े पूरी खबर…..

राजधानी में बनेगा पीएम एकता मॉल

दिल्ली सरकार राजधानी में पीएम एकता मॉल बनाने की तैयारी कर रही है। यह मॉल देशभर के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को एक ही जगह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया जाएगा। इसका निर्माण वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के तहत किया जाएगा। इस मॉल में दिल्ली समेत देश के अलग-अलग राज्यों और जिलों के खास उत्पाद जैसे हस्तशिल्प, हथकरघा, पारंपरिक कपड़े, मसाले, खाद्य उत्पाद और अन्य स्थानीय वस्तुएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। इससे स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का मौका मिलेगा।

पढ़े पूरी खबर…..

ED की याचिका पर अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को नोटिस

दिल्ली हाईकोर्ट में आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की याचिका पर सुनवाई हुई। याचिका में ED ने मांग की थी कि ट्रायल कोर्ट द्वारा आरोपमुक्त किए गए अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और अन्य आरोपियों के पक्ष में की गई टिप्पणियों में ED के खिलाफ की गई प्रतिकूल टिप्पणियों को हटाया जाए। इस मामले की सुनवाई जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की बेंच ने की। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया समेत सभी आरोपियों को नोटिस जारी किया गया है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में अंगदान की नई राह: रेखा सरकार ने केंद्र के साथ MoU पर किए हस्ताक्षर

दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। इस संबंध में राष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम (NOTP) के तहत दिल्ली सरकार और भारत सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस समझौते से दिल्ली में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (SOTTO) की स्थापना का रास्ता साफ होगा। इससे राजधानी में अंगदान और अंग प्रत्यारोपण की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सकेगा।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में लापता यूट्यूबर आकाश का शव 2 दिन झाड़ियों में पड़ा मिला

पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके से लापता हुए 28 वर्षीय यूट्यूबर आकाश का शव सोमवार को आनंद विहार इलाके के जंगल में झाड़ियों के बीच मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेजा। पुलिस ने शव की स्थिति और घटनास्थल को देखते हुए हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आकाश के अंतिम संपर्क और गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। आसपास के CCTV फुटेज और संभावित गवाहों से जानकारी जुटाई जा रही है ताकि हत्या के कारण और आरोपियों की पहचान की जा सके।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

दिल्ली में सुबह-सुबह गोलियों की गूंज: राजधानी दिल्ली मंगलवार सुबह गोलियों की आवाज से दहल उठी। शाहबाद डेयरी इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस के आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की टीम ने की। पुलिस के मुताबिक दोनों बदमाश एक मर्डर केस में वांछित थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे। इनकी लोकेशन आउटर नॉर्थ जिले में मिलने के बाद पुलिस टीम उन्हें पकड़ने पहुंची, लेकिन आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिसके दौरान मुठभेड़ हो गई। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में मणिपुर की महिला और उसके दोस्तों से मारपीट: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर नॉर्थ-ईस्ट के लोगों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना 8 मार्च को साकेत डिस्ट्रिक्ट कोर्ट कॉम्प्लेक्स के पास हुई, जहां मणिपुर की रहने वाली एक युवती और उसके दोस्तों पर हमला किया गया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक पीड़ित युवती और उसके दोस्त पास के एक पार्क में टहल रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर आपत्तिजनक और गलत टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। जब युवती और उसके दोस्तों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान युवती घायल हो गई। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली हाईकोर्ट का अहम फैसला: दिल्ली हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण मामले में भारतीय सेना में तैनात एक व्यक्ति को अग्रिम जमानत देते हुए कहा कि लंबे समय तक चले रिश्ते और उसके बाद हुई रोका/सगाई जैसी पारंपरिक रस्म आरोपी के पक्ष को पहली नजर में मजबूत बनाती है। अदालत ने टिप्पणी की कि यदि दो लोगों के बीच लंबे समय तक संबंध रहे हों और परिवारों की मौजूदगी में रोका या सगाई जैसी रस्में भी हो चुकी हों, तो मामले के तथ्यों का मूल्यांकन करते समय इन परिस्थितियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने कहा कि ऐसे मामलों में यह देखना जरूरी है कि रिश्ता आपसी सहमति से था या नहीं और क्या शादी की मंशा शुरू से ही वास्तविक थी। अदालत ने इन पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपी को अग्रिम जमानत देने का फैसला सुनाया। (पढ़े पूरी खबर)

पूर्व सैनिक ने पत्नी संग रची अपनी मौत की साजिश: नई दिल्ली के वसंत विहार थाने में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां भारतीय सेना के एक पूर्व सैनिक और उनकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर आर्मी ग्रुप इंश्योरेंस फंड से लाखों रुपये हासिल करने के लिए पूर्व सैनिक की मौत का नाटक रचा। शिकायत के मुताबिक पत्नी ने फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र, शपथपत्र और अन्य दस्तावेज जमा कर बीमा राशि का दावा किया। इन दस्तावेजों के आधार पर बीमा फंड से भुगतान लेने की कोशिश की गई। मामले का खुलासा होने के बाद दिल्ली पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली पुलिस ने फरार कॉन्ट्रैक्टर उदयपुर से किया गिरफ्तार: राजधानी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में पिछले महीने सड़क पर खोदे गए गड्ढे में गिरने से हुई एक बाइकर की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में मुख्य कॉन्ट्रैक्टर हिमांशु गुप्ता को उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और उदयपुर में छिपा हुआ था। पुलिस के अनुसार, सड़क पर खोदे गए गड्ढे को सही तरीके से ढका या सुरक्षित नहीं किया गया था, जिसके कारण बाइकर उसमें गिर गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने लापरवाही के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m