दिल्ली सरकार ने राजधानी में एलपीजी संकट की खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि LPG, पेट्रोल, डीजल और PNG की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। सरकार के मुताबिक शहर में वाहन ईंधन और गैस की किसी तरह की कमी नहीं है। सरकार ने स्पष्ट किया कि राजधानी में एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सप्लाई सुचारु रूप से जारी है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना वजह घबराकर गैस या ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें।

मुख्य सचिव ने की मीटिंग

बुधवार को इस मुद्दे पर दिल्ली के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, दिल्ली पुलिस, राजस्व विभाग, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और विभिन्न तेल विपणन कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान मध्य-पूर्व में चल रही युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने संबंधी फैल रही अफवाहों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल राजधानी में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की आपूर्ति में किसी तरह की कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

दिल्ली में घरेलू उपयोग के लिए PNG की कोई कमी नहीं

बैठक के दौरान आईजीएल के अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 9 मार्च 2026 को एक आदेश जारी किया है। इस आदेश में प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए घरेलू पीएनजी (पाइप नेचुरल गैस) और सीएनजी (कंप्रेस्ड नेचुरल गैस) की आपूर्ति, उसके समान वितरण और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दिल्ली में घरेलू उपयोग के लिए पीएनजी की कोई कमी नहीं है और गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। सरकार ने भरोसा दिलाया कि संबंधित एजेंसियां आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि राजधानी में ईंधन और गैस की उपलब्धता सुचारु बनी रहे।

गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि बढ़ाई गई

अधिकारियों ने यह भी बताया कि गैस आपूर्ति की प्राथमिकताओं का पुनर्निर्धारण कर औद्योगिक क्षेत्रों में भी करीब 80 प्रतिशत तक निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है। वहीं तेल विपणन कंपनियों ने बताया कि दिल्ली में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और कंपनियों के पास पर्याप्त भंडार मौजूद है। अधिकारियों के अनुसार तेल और गैस की सप्लाई पहले की तरह लगातार जारी है। हालांकि एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है, लेकिन बुकिंग के बाद औसतन 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचाया जा रहा है।

कालाबाजारी, चोरी पर रखें निगरानी

सरकार ने अधिकारियों को गैस की चोरी और कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने इस संबंध में दिल्ली पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है, ताकि गैस की अवैध बिक्री या जमाखोरी की किसी भी कोशिश पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भंडारण से बचें, क्योंकि इससे बाजार में कृत्रिम कमी पैदा हो सकती है। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए तेल विपणन कंपनियों की ओर से दिशा-निर्देश तय किए गए हैं। इन दिशा-निर्देशों के तहत शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को प्राथमिकता दी जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m