भागलपुर। जिले में अनियंत्रित रफ्तार और ओवरलोडिंग ने एक और मासूम की जान ले ली है। सजौर थाना क्षेत्र के कराड़िया गांव में एक बालू लदे ट्रैक्टर ने बिजली के खंभे में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे खंभा सीधे वहां खेल रहे एक छात्र पर जा गिरा। इस हादसे में 16 वर्षीय विक्रम कुमार की मौके पर ही दबने से दर्दनाक मौत हो गई।

​सुबह खेल के दौरान हुआ हादसा

​मृतक के पिता प्रिंस कुमार झा ने बताया कि उनका बेटा विक्रम सुबह करीब 8 बजे घर के पास ही खेल रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर, जिस पर क्षमता से अधिक बालू लदा था, अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंक्रीट का खंभा जड़ से उखड़ गया और सीधे विक्रम के ऊपर गिर पड़ा। खंभे के भारी वजन के कारण छात्र की छाती की हड्डियां चकनाचूर हो गई थीं।

​अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

​घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में घायल विक्रम को गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। विक्रम ने इसी साल इंटर की परीक्षा दी थी और अपने भविष्य को लेकर काफी उत्साहित था।

​अवैध बालू खनन और ओवरलोडिंग का आरोप

​मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने क्षेत्र में चल रहे अवैध बालू कारोबार और ओवरलोडिंग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि इलाके में बालू माफियाओं के ट्रैक्टर बेखौफ और बेलगाम दौड़ते हैं, जिससे आए दिन ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ड्राइवर की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।