पटना। दानापुर की शाहपुर पुलिस ने दियारा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर शराब तस्करों को दबोचा है। पुलिस ने इनके पास से न केवल अवैध देसी शराब बरामद की है, बल्कि इनके पास से हथियार और जिंदा कारतूस भी मिले हैं। दानापुर एएसपी शिवम धाकड़ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब इन आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच कर रही है।

​खुफिया सूचना पर मकई के खेत में छापेमारी

​यह पूरी कार्रवाई 11 मार्च की रात करीब 8 बजे अंजाम दी गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पतलापुर स्थित एक मकई के खेत की आड़ में कुछ युवक हथियार लहराते हुए शराब की बिक्री कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए शाहपुर थानाध्यक्ष और मकसूदपुर टीओपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। जैसे ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, आरोपी पुलिस को देखते ही भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया।
​हथियार, कारतूस और शराब बरामद
​गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान पतलापुर (फूटानी बाजार) के आशीष कुमार और सारण जिले के सोनपुर निवासी विनोद महतो के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान:
​आशीष कुमार के पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ।
​विनोद महतो के पास से दो जिंदा कारतूस मिले।
​घटनास्थल से एक 15 लीटर के प्लास्टिक डिब्बे में रखी लगभग 10 लीटर अवैध देसी शराब जब्त की गई।

​पुलिस खंगाल रही है आपराधिक कुंडली

​शाहपुर थाने में इस मामले को लेकर कांड संख्या 91/26 दर्ज की गई है। एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये तस्कर कब से इस सिंडिकेट का हिस्सा हैं और इनके तार और कहां-कहां जुड़े हैं। फिलहाल, आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी से इलाके में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगेगी।