मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक संपन्न हुई. इस दौरान शहरी विकास विभाग, पेयजल विभाग और लोक निर्माण विभाग के विभिन्न प्रस्तावों को संस्तुति प्रदान की गई.
मुख्य सचिव ने शहरी विकास विभाग की नीलकंठ महादेव (पौड़ी गढ़वाल) और रामनगर (नैनीताल) में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण कार्य को मंजूरी प्रदान करते हुए पार्किंग निर्माण गाइडलाइंस का अनुपालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने नीलकंठ महादेव (लागत 5183.65 लाख) और रामनगर (लागत 3857.64 लाख) मल्टीस्टोरी पार्किंग में प्रवेश और निकासी के लिए सभी तकनीकी पहलुओं का विशेष ख्याल रखे जाने के निर्देश दिए. उन्होंने नीलकंठ महादेव में भूमि का जियोटेक्निकल सर्वे भी अनिवार्य रूप से कराए जाने की बात भी कही.
इसे भी पढ़ें : सीएम धामी ने चैत्र नवरात्र और नव संवत्सर 2083 की दी शुभकामनाएं, कहा- समाज में नारी के महत्व और सामर्थ्य को दर्शाता है ये पर्व
उन्होंने पेयजल विभाग के 4 प्रस्तावों (3 पेयजल परियोजनाओं – 2438.32 लाख लागत की पीपलकोटी नगर पंचायत पेयजल योजना, 3986.24 लाख लागत की तिलवाड़ा नगर पंचायत पेयजल योजना और 2578.52 लाख लागत की ऊखीमठ नगर पंचायत पेयजल योजना) और लालकुआं नगर पंचायत सीवर लाइन परियोजना (लागत 37.95 लाख) को भी संस्तुति प्रदान की. उन्होंने ग्रेविटी आधारित पेयजल परियोजनाओं में मीटर लगाए जाने के भी निर्देश दिए. समिति द्वारा लोक निर्माण विभाग की काठगोदाम बाईपास मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत 3.5 किलोमीटर मार्ग और इसमें 75 मीटर स्पान का सेतु निर्माण (लागत 1177.93 लाख) को भी मंजूरी प्रदान की गई.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

