कमल वर्मा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में बिस्कुट फैक्ट्री में नौकरी से हटाए गए मौसेरे भाई का बदला लेने के लिए कर्मचारी ने सनसनीखेज कदम उठा लिया। उसने फैक्ट्री के मैनेजर को व्हाट्सएप कॉल कर घर में घुसकर गोली मारने की धमकी दे डाली। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए पूरी साजिश रची। लेकिन आखिरकार तीन दिन बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। वही पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गोला का मंदिर के जेबी मंघाराम फैक्ट्री के मैनेजर राजेश सिंह इंदौरिया ने पुलिस को शिकायत कर बताया कि 15 मार्च की रात उनके पास एक व्हाट्सएप कॉल आया था। कॉल उठाते ही सामने वाले ने ‘जिंदा नहीं छोडूंगा… घर में घुसकर गोली मारूंगा’ की धमकी दी। करीब चार मिनट तक चली इस कॉल में आरोपी लगातार धमकाता रहा। लेकिन उसने उस समय कारण नहीं बताया। जिसकी शिकायत मैनेजर ने थाने में की थी। 

यह भी पढ़ें: पागल कुत्ते का आतंक: एक ही दिन में 6 मासूमों को बनाया शिकार, दहशत में ग्रामीण

पुलिस जांच में सामने आया कि धमकी देने वाला सूर्य प्रताप सिंह भदौरिया है जो उसी फैक्ट्री में काम करता है। हालांकि, पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर नंबर ट्रेस कर लिया और गुरुवार रात आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपना सुर बदल लिया और कहा कि उसने गुस्से में आकर यह कदम उठाया। 

पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसका मौसेरा भाई भी फैक्ट्री में कर्मचारी था। जिसे मैनेजर राजेश ने ‘अनफिट’ बताकर नौकरी से हटा दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने बदला लेने की ठानी और धमकी दे डाली। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए चालाकी भी दिखाई। उसे अंदेशा था कि पुलिस कॉल ट्रेस करेगी, इसलिए अपने घर में इस्तेमाल होने वाले दूसरे नंबर से व्हाट्सएप अकाउंट बनाया और उसी से इंटरनेट कॉल कर धमकी दी। यही वजह रही कि वह तीन दिन तक पुलिस को चकमा देता रहा। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m