दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में 17 दिन पहले हुए दिल दहला देने वाले डबल मर्डर केस में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में दो सगी बहनों की हत्या के आरोप में उनकी मां सुनीता अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को तीन दिन पहले अस्पताल से छुट्टी मिलने और मनोवैज्ञानिक जांच पूरी होने के बाद हिरासत में लिया गया। जांच एजेंसियों ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से घरेलू विवाद और मानसिक तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस का मानना है कि इन्हीं परिस्थितियों ने इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गहन जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे और क्या कारण या परिस्थितियां जिम्मेदार थीं।
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक, 5 फरवरी गुरुवार शाम करीब 6:10 बजे एफ ब्लॉक स्थित एक मकान से वारदात की सूचना मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल होने पर अलग-अलग कमरों में दो सगी बहनों राधिका अरोड़ा (33) और गुनीशा अरोड़ा (28) के शव बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राधिका के चेहरे पर तकिया रखा हुआ था, जिससे दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। वहीं दूसरी बहन गुनीशा का गला क्रैप बैंडेज से दबाया गया था। दोनों के हाथों पर कट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे घटना और अधिक संदिग्ध और गंभीर हो गई है। घटना स्थल पर ही उनकी मां सुनीता अरोड़ा बेहोशी की हालत में मिलीं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में इलाज और मनोवैज्ञानिक जांच के पश्चात पुलिस ने उन्हें इस मामले में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से फिनाइल की पीसी हुई गोलियां भी बरामद हुई थीं, जिससे यह आशंका जताई गई कि आरोपी महिला ने अपनी बेटियों की हत्या के बाद खुदकुशी करने की भी कोशिश की थी। तीन दिन पहले अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी मां सुनीता अरोड़ा से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी महिला पिछले 8-9 वर्षों से संयुक्त परिवार में नहीं रहना चाहती थी और वह अपने पति पर अलग रहने का दबाव बना रही थी। वहीं पति सुधांशु अरोड़ा का कपड़ों का कारोबार भी बीते कुछ समय से ठीक नहीं चल रहा था, जिससे परिवार आर्थिक और मानसिक तनाव से गुजर रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि फरवरी 2023 में सुनीता की बड़ी बहन की मौत के बाद वह करीब ढाई साल तक Mumbai में अपनी बहन के घर रहीं और सितंबर 2025 में ही दिल्ली लौटी थीं।
छोटी बेटी नौकरी न मिलने से परेशान थी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, परिवार के भीतर लंबे समय से चल रहा तनाव और व्यक्तिगत परेशानियां इस दर्दनाक घटना की बड़ी वजह बनकर उभरी हैं। जानकारी के अनुसार, छोटी बेटी गुनीशा अरोड़ा एलएलबी की पढ़ाई पूरी करने के बावजूद नौकरी न मिलने से काफी परेशान थीं। वह मानसिक तनाव में थीं और कथित तौर पर घर में हो रहे झगड़ों के चलते अपनी मां से बार-बार मरने की बात कहती थीं। वहीं बड़ी बेटी राधिका अरोड़ा ‘स्पेशल’ थीं और ज्यादातर समय घर पर ही रहती थीं। परिवार की जिम्मेदारियां और परिस्थितियां पहले से ही चुनौतीपूर्ण थीं, जिन पर लगातार बढ़ते घरेलू विवादों ने और दबाव बना दिया।
पहले बड़ी बेटी की गला दबाकर की हत्या
शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी मां सुनीता अरोड़ा ने पहले बड़ी बेटी राधिका की गला दबाकर हत्या की और उसके बाद छोटी बेटी गुनीशा को मार डाला। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद महिला ने फिनाइल की गोलियां खाकर आत्महत्या करने की भी कोशिश की, लेकिन समय रहते उसे अस्पताल पहुंचा दिया गया, जिससे उसकी जान बच गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। आरोपी महिला से लगातार पूछताछ जारी है, हालांकि वह कई बार अस्वस्थता का हवाला देकर चुप हो जाती है, जिससे जांच प्रभावित हो रही है। जांच एजेंसियां अब इस बात पर भी फोकस कर रही हैं कि घटना के पीछे महिला की मानसिक स्थिति, पारिवारिक दबाव, आर्थिक हालात और अन्य किन-किन कारणों की भूमिका रही।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

