पटना। बाढ़ क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां चैती मेला देखने गई तीन साल की एक मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की गई है। पीड़िता वर्तमान में गंभीर स्थिति में पटना के NMCH अस्पताल में उपचाराधीन है।
भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को दिया अंजाम
घटना भदौर थाना क्षेत्र की है। मंगलवार की रात बच्ची अपनी मां और परिजनों के साथ घर से महज एक किलोमीटर दूर लगे चैती मेले में गई थी। मेले की भारी भीड़ के बीच अचानक बच्ची अपनी मां का हाथ छूट जाने के कारण बिछड़ गई। बदहवास परिजन काफी देर तक उसे तलाशते रहे, लेकिन कुछ ही समय बाद वह मेले से करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक मंदिर के पीछे अत्यंत गंभीर स्थिति में मिली।
बोलने की स्थिति में नहीं थी मासूम
परिजनों के अनुसार, जब बच्ची मिली तो वह खून से लथपथ थी और उसके निजी अंगों से भारी रक्तस्राव हो रहा था। दर्द और सदमे के कारण मासूम कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थी, जिससे तत्काल आरोपी की पहचान नहीं हो सकी। परिजन उसे आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए NMCH रेफर कर दिया गया।
पुलिस और FSL टीम की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और बुधवार को बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया। भदौर थाना अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। साक्ष्य जुटाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर दरिंदे की पहचान करने में जुटी है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधी की गिरफ्तारी और सख्त सजा की गुहार लगाई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

