Vaibhav Suryavanshi Top 5 Records: वैभव सूर्यवंशी 27 मार्च 2026 को पूरे 15 साल के हो चुके हैं. बिहार से आए इस खिलाड़ी ने सिर्फ 13 साल की उम्र में चर्चा बटोरी. 14 साल की उम्र में IPL डेब्यू किया और उसके बाद वैभव का कमाल पूरी दुनिया ने देखा. 15वां जन्मदिन मना रहा यह बाएं हाथ का विस्फोटक ओपनर आज किसी पहचान का मोहताज नहीं है. वैभव ने बहुत ही कम उम्र में कुछ ऐसे कमाल कर डाले, जो बड़े-बड़े दिग्गज अपने पूरे करियर में भी नहीं कर पाए.
वैभव पर वह कहावत सटीक बैठती है कि पूत के पांव पालने में दिख जाते हैं. वैभव ने इस कहावत को सही साबित कर दिखाया है. IPL 2025 में ड्रीम डेब्यू के बाद उन्होंने इंडिया ए, फिर अंडर-19 और फिर घरेलू क्रिकेट में तबाही मचाई. अब वह टीम इंडिया में एंट्री करने के लिए तैयार हैं. वह चयन के लिए आज से पात्र हो चुके हैं. यहां हम वैभव के उन 5 वर्ल्ड रिकॉर्ड के बारे में बता रहे हैं, जो उन्होंने सिर्फ 15 साल की उम्र में बना दिए.

वैभव सूर्यवंशी के टॉप 5 महारिकॉर्ड
- वैभव सूर्यवंशी IPL में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं. उन्होंने 19 अप्रैल 2025 को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ सिर्फ 14 साल और 23 दिन की उम्र में डेब्यू किया था. उन्होंने प्रायस रे बर्मन (16 साल 157 दिन) का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था.
- वैभव सूर्यवंशी IPL के सबसे युवा शतकवीर हैं. उन्होंने 28 अप्रैल 2025 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 101 रनों की तूफानी पारी खेली. उस वक्त उनकी उम्र महज 14 साल 32 दिन थी. वह IPL और टी20 क्रिकेट के इतिहास में शतक जड़ने वाले दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज हैं.
- वैभव सूर्यवंशी के नाम IPL इतिहास की दूसरी सबसे तेज सेंचुरी है. उन्होंने 35 गेंदों पर शतक ठोका था. नंबर एक पर क्रिस गेल का नाम है, जिन्होंने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ सिर्फ 30 गेंदों पर शतक पूरा किया था. उस मैच में गेल ने 66 गेंदों पर 175 रन बनाए थे.
- वैभव अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ केवल 80 गेंदों में 175 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली थी, जिसमें 15 छक्के और 15 चौके शामिल थे. यह पारी किसी भी ICC अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है.
- वैभव के नाम रणजी ट्रॉफी में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड है. उन्होंने बिहार की ओर से खेलते हुए महज 12 साल की उम्र में अपना प्रथम श्रेणी (First Class) डेब्यू किया था, जो अपने आप में कमाल की बात है.
वैभव सूर्यवंशी का क्रिकेट करियर कैसा रहा है?
IPL 2025 में वैभव सूर्यवंशी ने 7 मुकाबलों में 206.55 के स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए थे. उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया था. यह खिलाड़ी फर्स्ट क्लास में अब तक 8 मैच खेल चुका है, जिनमें 207 रन बनाए हैं. लिस्ट ए के 8 मैचों में 353 रन किए हैं. ओवरऑल टी20 क्रिकेट के 18 मैचों में वैभव 3 शतकों के दम पर 353 रन बना चुके हैं.

