मुजफ्फरपुर। जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे पुलिस लाइन्स जैसे सुरक्षित इलाकों के पास भी वारदात करने से नहीं हिचक रहे। शुक्रवार को अहियापुर थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी मोहल्ले में बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए।

वारदात को दिया अंजाम

​जानकारी के अनुसार, चाणक्यपुरी मोहल्ले की गली नंबर 6 निवासी बालेश्वर राय अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक उनके समीप आकर रुके। बदमाशों ने बेहद शातिर तरीके से उनसे बैरिया गोलंबर जाने का रास्ता पूछा। जैसे ही बालेश्वर राय उन्हें रास्ता समझाने के लिए आगे बढ़े, बाइक पर पीछे बैठे अपराधी ने बिजली की फुर्ती से उनके गले पर झपट्टा मारा और करीब तीन भर (30 ग्राम) की सोने की चेन तोड़ ली। छीनी गई चेन की बाजार में कीमत करीब 1.5 लाख रुपए बताई जा रही है।

​पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

​वारदात के बाद पीड़ित ने शोर मचाया, जिसे सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक अपराधी तेज रफ्तार बाइक से आंखों से ओझल हो चुके थे। रिहायशी इलाके और पुलिस लाइन के ठीक बगल में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब पुलिस लाइन के पास ही लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम गलियों का क्या हाल होगा।

​सीसीटीवी के सहारे अपराधियों की तलाश

​घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूछताछ की। अहियापुर थानेदार रोहन कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों के हुलिए और बाइक नंबर की पहचान की जा सके। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई तेज की जाएगी।