महराजगंज। जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के दौरान 18 वर्षीय युवती की मौत के बाद परिजनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए नगर तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

इंजेक्शन लगाने के बाद हालत बिगड़ी

जानकारी के अनुसार, अमरूतिया के पासी टोला निवासी मोनिका को बुखार होने पर परिजन बैकुंठपुर चौराहे स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले गए थे। आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण मर्चरी हाउस से शव लेकर नगर तिराहे पहुंचे और सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे यातायात बाधित हो गया।

छानबीन में जुटी पुलिस

महराजगंज पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मौके पर पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।