इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में एक नर्सिंग कॉलेज में करीब 75 लाख के गबन का मामला सामने आया है। लेखापाल दंपती और अकाउंटेंट पर छात्रों की फीस हड़पने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद मोघट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गबन का यह मामला नागचून रोड स्थित दादाजी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेस यानी नर्सिंग कॉलेज का है। जहां कॉलेज में कार्यरत लेखापाल कृष्णराज सिंह मौर्य, उसकी पत्नी रीना मौर्य और अकाउंटेंट सचिन खेड़ेकर पर करीब 74 लाख 87 हजार 998 रुपए के गबन का आरोप लगा है। मोघट रोड थाना पुलिस के मुताबिक, कॉलेज प्रबंधन और छात्र-छात्राओं ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जमा की गई फीस कॉलेज तक पहुंची ही नहीं है।

ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री के दौरे में लापरवाही पड़ी भारी: ड्यूटी से नदारद टीआई सस्पेंड, पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

जांच में सामने आया कि वर्ष 2020 से 30 जून 2024 तक आरोपियों ने फीस की रकम कॉलेज खाते में जमा नहीं कराई। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने छात्रों को फर्जी रसीदें दीं। जिन पर कॉलेज संचालक के जाली हस्ताक्षर भी किए गए। लंबे समय तक चल रहे इस फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें: हाट बाजार के नाम पर ‘हफ्ता वसूली’! सुविधा के नाम पर महज शासकीय जमीन, बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारनेकर ने बताया कि शिकायत मिली थी कि कॉलेज की फीस का गबन किया गया है। जांच में करीब 75 लाख की अनियमितता सामने आई है। तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गबन में और कौन-कौन शामिल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m