LSG vs DC IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पांचवें मुकाबले में आज लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीमें आमने-सामने हैं। DC के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। लखनऊ और दिल्ली की टीमें आज सीजन का पहला मैच खेलेंगी, ऐसे में दोनों टीमों की नजरें जीत के साथ सीजन का आगाज करने पर होंगी। कप्तान अक्षर पटेल ने प्लेइंग 11 में चार विदेशी खिलाड़ियों के रूप में डेविड मिलर, पथुम निसांका, ट्रिस्टन स्टब्स और लुंगी एनगिडी को शामिल किया है। वहीं, लखनऊ ने एडेन मार्करम, मिचेल मार्श, निकोलन पूरन और एनरिक नॉर्त्जे को बतौर विदेशी खिलाड़ी शामिल किया है।

बता दें कि लखनऊ सुपर जायंट्स पिछले सीजन में चोटों से काफी प्रभावित रही थी, जिसके चलते टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। हालांकि इस बार टीम लगभग पूरी तरह फिट स्क्वॉड के साथ मैदान में उतरने को तैयार है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स भी इस सीजन में संतुलित और मजबूत नजर आ रही है। पिछले साल अच्छी शुरुआत के बावजूद टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी थी।

लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच यह मुकाबला लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। मुकाबले से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, दोनों टीमों की प्लेइंग 11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

LSG vs DC: हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?

लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल इतिहास पर नजर डालें तो मुकाबला काफी करीबी रहा है, लेकिन आंकड़ों में दिल्ली कैपिटल्स थोड़ा आगे नजर आती है।

दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 4 मैच दिल्ली कैपिटल्स ने जीते हैं, जबकि 3 मुकाबलों में लखनऊ सुपर जायंट्स को जीत मिली है। ऐसे में इस बार भी एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा सकती है।

अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में अब तक IPL के 22 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से 9 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 12 मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा है।

टॉस यहां अहम भूमिका निभाता है। अब तक 14 मुकाबले टॉस जीतने वाली टीम ने अपने नाम किए हैं, जबकि टॉस हारने वाली टीम को सिर्फ 7 मैचों में जीत मिली है।

इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 175 से ज्यादा है, जो इसे हाई स्कोरिंग ग्राउंड बनाता है। यहां सबसे ज्यादा स्कोर 235 रन दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम स्कोर 108 रन रहा है, जो लखनऊ सुपर जायंट्स के नाम है। हालांकि, IPL में इस मैदान पर अब तक 180 या उससे ज्यादा रन का सफल पीछा नहीं हो पाया है।

गेंदबाजों के लिए भी यह पिच पूरी तरह आसान नहीं है। यहां गेंदबाजी औसत 28.14 और इकोनमी 8.79 रही है, जिससे साफ है कि विकेट गिरते जरूर हैं, लेकिन रन भी तेजी से बनते हैं। स्पिन गेंदबाजों को इस पिच पर खास मदद मिलती है।

ऐसे में लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाला मुकाबला हाई स्कोरिंग रहने की पूरी संभावना है, क्योंकि दोनों टीमों के पास विस्फोटक बल्लेबाज मौजूद हैं।

LSG की प्लेइंग 11

एडेन मार्कराम, मिशेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बदोनी, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहसिन खान, मोहम्मद शमी, एनरिक नॉर्टजे, प्रिंस यादव

इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट प्लेयर्स: आशुतोष शर्मा, औकिब नबी, समीर रिज़वी, दुशमंथा चमीरा, करुण नायर

DC की प्लेइंग 11

केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विप्रज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार

इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट प्लेयर्स: दिग्वेश राठी, आवेश खान, हिम्मत सिंह, शाहबाज अहमद, अक्षत रघुवंशी

कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं, जहां दर्शक टीवी पर मैच का सीधा प्रसारण शाम 7:30 बजे से देख सकते हैं। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग के लिए मुकाबला जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा आप लल्लूराम डॉट कॉम पर भी मैच के लाइव अपडेट्स देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H