लखनऊ। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने प्रदेश में जाली नोटों के कारोबार के रैकेट का खुलासा होने के बाद योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि नक़ली नोट चलानेवालों की तस्वीरें, भाजपा के विधायक के साथ सड़क से लेकर उनके अपने कार्यालयों तक में सबूत के तौर पर मिल चुकी हैं, तो फिर उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई करने में देरी क्यों हो रही है।

कार्रवाई करने में देरी क्यों

अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि देवरिया और गोरखपुर हैं ही कितनी दूर।भाजपाई नक़ली नोट तो देश के अंदर चला रहे हैं और असली नोट देश के बाहर ले जा रहे हैं। नक़ली नोट चलानेवालों की तस्वीरें, भाजपा के विधायक के साथ सड़क से लेकर उनके अपने कार्यालयों तक में सबूत के तौर पर मिल चुकी हैं, तो फिर उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई करने में देरी किस बात की? शायद माननीय जी का शासन-प्रशासन इस बात से घबरा रहा है कि ‘बाटी-चोखा बैठक’ में शामिल लोगों के विरुध्द कार्रवाई करने से कहीं ‘हाता नहीं भाता’ वाला मामला और न गरमा जाए या फिर इस गोरखधंधे में सबकी हिस्सेदारी है, देवरिया और गोरखपुर हैं ही कितनी दूर। थोड़े कहे को, ज़्यादा समझिएगा

READ MORE: कानपुर किडनी कांड के तार मेरठ से जुड़े, जांच के घेरे में आया अल्फा हॉस्पिटल, एंबुलेंस ड्राइवर निकला सरगना

क्या शलभ मणि त्रिपाठी से पूछताछ होगी?

सपा मीडिया सेल ने लिखा कि देवरिया के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी के साथ उन लड़कों की तस्वीर सामने है जो लड़के आज नकली नोट मामले में सपा के बताकर भाजपा और भाजपा सरकार का प्रशासन और भाजपा नेतागण चीख पुकार मचाए हुए हैं। क्या मीडिया अब अपनी गलती स्वीकारेगा? क्या मीडिया और भाजपा नेता बताएंगे कि ये लड़के शलभ मणि त्रिपाठी के लिए क्या करते हैं? क्या शलभ मणि त्रिपाठी से भी आज नकली नोट मामले में पूछताछ होगी?

READ MORE: कुशीनगर में दर्दनाक हादसा: श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में पलटी, 4 लोगों की मौत, CM योगी ने जताया शोक

शलभ मणि त्रिपाठी ने दिया जवाब

अखिलेश के आरोपों पर BJP विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने तीखा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश जी, क्योंकि आप मुझसे पूछताछ करवाना चाहते हैं, इसलिए आपको उत्तर दे रहा हूं। मैं विधायक हूँ। मुझसे मिलने सपाई भी आते हैं, बसपाई भी, अपनी तस्वीरें भी खिंचवाते हैं, जनप्रतिनिधि के तौर पर बिना भेदभाव सबको सुनता भी हूं। अब हमें क्या पता कि कौन सा सपाई अपने नेताओं से प्रेरणा लेकर यहां देवरिया में भी लूट का ATM खोलकर बैठा है।

शलभ मणि त्रिपाठी ने आगे कहा कि इस आरोपी की और भी तस्वीरें हैं जो चीख-चीख कर रही हैं कि समाजवादी पार्टी की सच्चाई क्या है। रही बात जांच की, तो निश्चिंत रहिए, यहां अब योगी जी की सरकार है। नकली नोट के ATM का पूरा पर्दाफाश होगा…बहुत जल्द होगा। आप तब तक ऐसे ही इस मुद्दे को जिंदा रखिएगा, बाकी जाली नोट आरोपी के सोशल मीडिया पर पड़ा ताज़ा बयान भी सुन लीजिएगा