Harry Brook return in PSL 2026: इन दिनों भारत में आईपीएल 2026 की धूम है. 19वें सीजन में अब तक 5 मैच हो चुके हैं. उधर पाकिस्तान में PSL 2026 चल रहा है, जिसमें अब तक 9 मैच हुए हैं. आईपीएल 2026 के आगाज से पहले कुछ खिलाड़ी पाकिस्तान सुपर लीग छोड़कर आईपीएल में खेलने आए थे. इनमें ताजा नाम ब्लेसिंग मुजारबानी का था, जिन्होंने केकेआर का कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के बाद PSL 2026 में नहीं खेलने का फैसला किया था. अब एक तूफानी बल्लेबाज को लेकर बड़ी खबर आई है.

खबर ये है कि जिस खिलाड़ी को आईपीएल में 2 साल के लिए बैन किया गया है, उसे पाकिस्तान ने सहारा दिया है. पीएसएल 2026 के बीच वो इस्लामाबाद यूनाइटेड से जुड़ गया है. ये वही खिलाड़ी है, जो बल्ले से तबाही मचाता है. आईपीएल खेल चुका है और एक नेशनल टीम का कप्तान भी है. यहां किसी और की नहीं बल्कि इंग्लैंड के टी20 कप्तान हैरी ब्रूक की चर्चा हो रही है, जिन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के बीच में ‘वाइल्ड कार्ड’ एंट्री मारी है.

आईपीएल से 2 साल के लिए प्रतिबंधित (Ban) किए गए इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज हैरी ब्रूक अब पीएसएल में अपनी बल्लेबाजी का जलवा बिखेरते नजर आएंगे. इस्लामाबाद यूनाइटेड ने उन्हें जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी के रिप्लेसमेंट के तौर पर अपनी टीम में शामिल किया है. हैरी ब्रूक का पाकिस्तान की पिचों से पुराना और गहरा नाता रहा है, जब-जब वो वहां खेले, तब-तब बल्ले से रन निकले हैं.

2022 में खेले थे पाकिस्तान सुपर लीग

हैरी ब्रूक पाकिस्तान सुपर लीग 2022 में आखिरी बार खेलते हुए नजर आए थे. उस सीजन में लाहौर कलंदर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने कुल 10 मुकाबलों में 52.20 की औसत से 264 रन बनाए थे. उस सीजन उन्होंने 2 फिफ्टी और 1 शतक भी ठोका था. अब वो PSL 2026 में इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए खेलेंगे. बीच सीजन जुड़ने से इस टीम को मजबूती मिली है. वो अगले मैचों में नजर आएंगे.

आईपीएल से क्यों बैन हैं हैरी ब्रूक

हैरी ब्रूक पर आईपीएल में 2 साल के लिए बैन इसलिए लगा है क्योंकि वो IPL 2024 की नीलामी में बिके थे. ऑक्शन में खरीदे जाने के बाद उन्होंने निजी कारणों (दादी के निधन और वर्कलोड मैनेजमेंट) का हवाला देते हुए ऐन वक्त पर टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया था. यही वजह है कि वो 2025 के सीजन में नहीं दिखे और 2026 में भी नहीं हैं.

हैरी ब्रूक बीसीसीआई के उस नियम के उल्लंघन के दोषी पाए गए थे, जिसे बार-बार खिलाड़ियों के अंतिम समय में हटने से फ्रेंचाइजियों को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए बनाया गया था. इस नियम के तहत अगर कोई खिलाड़ी नीलामी में चुने जाने के बाद बिना किसी ठोस मेडिकल इमरजेंसी के टूर्नामेंट शुरू होने से पहले नाम वापस लेता है, तो उसे अगले 2 साल के लिए आईपीएल से प्रतिबंधित कर दिया जाता है. यही ब्रूक के साथ हुआ था.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H