अमेरिका और ईरान के बीच बीते एक महीने के ज्यादा समय से जंग चल रही है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप काफी समय से कह रहे हैं कि ईरान की मौजूदा सरकार को हटाना है, इसे ‘रिजीम चेंज’ कहते हैं. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच यह खबर सामने आई कि अमेरिकी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज को ‘जबरन’ हटा दिया गया. उनसे अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पद से हटने के लिए कहा. ईरान ने इसी को पकड़ लिया और पूरी दुनिया के सामने ट्रंप का मजाक उड़ा दिया. इसके बाद साउथ अफ्रीका में ईरान की एंबेसी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स ने तंज कसते हुए लिखा, “रेजीम चेंज सफलतापूर्वक हो गया.”

पश्चिम एशिया जंग के बीच अमेरिका में सेना नेतृत्व में बदलाव हुआ है. जनरल रैंडी जॉर्ज के हटने पर ईरान ने डोनाल्ड ट्रंप के ‘रिजीम चेंज’ दावे पर तंज कसते हुए कहा कि बदलाव तो अमेरिका में हुआ है.

गुरुवार को अमेरिकी थल सेना के सबसे बड़े अफसर जनरल रैंडी जॉर्ज को अचानक हटा दिया गया. उनका कार्यकाल अभी एक साल से ज्यादा बाकी था. रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने उन्हें फौरन रिटायर करा दिया. हटाने की कोई वजह नहीं बताई गई. यह कोई पहली बार नहीं था. इससे पहले वायुसेना प्रमुख जनरल सीक्यू ब्राउन को हटाया जा चुका था. नौसेना प्रमुख और वायुसेना के उप प्रमुख भी जा चुके हैं. यानी अमेरिका की तीनों बड़ी सेनाओं के शीर्ष अफसर बदले जा रहे हैं.

कई जानकार कह रहे हैं कि जनरल जॉर्ज इसलिए हटाए गए क्योंकि वो ईरान में जमीनी लड़ाई के खिलाफ थे. लेकिन उन्होंने खुद कभी कुछ नहीं कहा. इसी बीच एक और बड़ी खबर आई. अमेरिका की सबसे बड़ी कानूनी अधिकारी यानी अटॉर्नी जनरल पैम बोंडी को भी हटा दिया गया. उन पर एक बड़े मामले के कागजात सही तरीके से न संभालने का आरोप था.

जैसे ही यह खबरें बाहर आईं, ईरान ने मौका नहीं छोड़ा. साउथ अफ्रीका में ईरानी दूतावास ने एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें अमेरिकी सैन्य नेताओं की बैठक दिख रही थी. कुछ चेहरों पर निशान लगाए गए. नीचे लिखा था कि ‘रिजीम चेंज सफलतापूर्वक हो गया.’ साथ में ट्रंप का नारा MAGA लिखा था और एक हंसने वाला इमोजी. यानी ईरान का सीधा तंज था कि ट्रंप दूसरों की सरकार बदलने की बात करते हैं, लेकिन असली उलटफेर तो उनके अपने घर यानि वॉशिंगटन में हो रहा है.

अमेरिका में सैन्य नेतृत्व के साथ ही कैबिनेट स्तर पर भी बड़े बदलाव हो रहे हैं. पिछले महीने होमलैंड सिक्योरिटी की चीफ क्रिस्टी नोएम को हटाया गया. इसके बाद नेशनल डायरेक्टर जो केंट ने ट्रंप की ईरान नीति की वजह से इस्तीफा दे दिया. वहीं इस महीने ट्रंप प्रशासन में अमेरिका की अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को भी कथित तौर पर एपस्टीन फाइल्स के गलत प्रबंधन के आरोपों के चलते पद से हटा दिया गया.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m