अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले में इन दिनों गेहूं की खड़ी फसल में आग लगने का सिलसिला जारी है। गर्मी के मौसम में तेज हवाओं एवं चिलचिलाती धूप के बीच एक के बाद एक ऐसी कई घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है और उनके समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ताजा मामला जिले के शिवसागर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सिलारी गांव से है, जहां आज रविवार (5 अप्रैल) को लगभग 150 बीघे में खड़ी गेहूं की तैयार फसल जलकर खाक हो गई।

बिजली की चिंगारी से लगी आग

मामूली चिंगारी से निकली आग ने देखते हीं देखते इतना भयावह रूप धारण कर लिया कि चंद मिनटों में हीं किसानों के महीनों की मेहनत बर्बाद हो गई। सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि, शुरुआती जांच में खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों से निकली चिंगारी से आग लगने की बात कही जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और लगभग डेढ़ सौ बीघे में खड़ी फसल जलकर राख हो गई।

दमकल विभाग की गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते हीं मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन इस क्रम में सैकड़ो बीघे गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई। हालांकि आगलगी की सूचना पर पहुंचे किसानों ने भी आग बुझाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं में आग के भयावह रूप के आगे किसानों की एक न चली तथा बेबस किसान हाथ पर हाथ धरे जलते फसलों को देखते रहे।

दर्जनों किसानों की फसल बर्बाद, मुआवजे की मांग

घटना में दर्जनों किसानों की फसल बर्बाद हुई है, जिससे सभी प्रभावित किसान काफी मायूस हैं। किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान का आकलन कर जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि उनकी गाढ़ी कमाई इस आग में जलकर राख हो गई तथा उन्हें पशुओं के चारा सहित खाने के लिए भी गेहूं नहीं बचा।

ये भी पढ़ें- खेतों में छिपाकर रखा 2 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद, नशीली दवाओं के साथ तस्कर गिरफ्तार