Rajasthan News: राजस्थान के नागौर जिले में ट्रैफिक पुलिस की एक ऐसी हरकत सामने आई है जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और ठहाके भी लगा रहे हैं। यहां तैनात एक एएसआई साहब ने गुस्से में आकर उस इलेक्ट्रिक कार (EV) का प्रदूषण का चालान काट दिया, जिसमें न इंजन होता है और न ही साइलेंसर। यह मामला अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।

बहस हुई तो गुस्से में थमाया 1500 का चालान

दरअसल, यह पूरा वाकया 6 अप्रैल का है जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नागौर के कृषि मंडी तिराहे पर एएसआई रामकुमार अपनी टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने एक टाटा की इलेक्ट्रिक कार को रोका जिसकी खिड़कियों पर काली जालियां लगी थीं। जालियां हटाने को लेकर कार चालक और एएसआई के बीच थोड़ी बहस हो गई।

बस फिर क्या था, पुलिसिया रौब जाग उठा! एएसआई साहब ने काली फिल्म के नाम पर 200 रुपये का जुर्माना तो लगाया ही, साथ ही अपनी पावर दिखाने के लिए 1500 रुपये का प्रदूषण उल्लंघन (Pollution) का चालान भी रसीद पर चिपका दिया।

ड्राइवर बोलता रहा- साहब ये धुआं नहीं छोड़ती

मौके पर मौजूद चश्मदीदों और वायरल वीडियो के अनुसार, ड्राइवर पुलिस को बार-बार समझाता रहा कि साहब, यह इलेक्ट्रिक गाड़ी है, इसमें साइलेंसर ही नहीं है तो प्रदूषण कैसा? लेकिन वर्दी के नशे में चूर पुलिसकर्मी ने एक न सुनी और जिद में आकर रसीद काट दी।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, तो जागी पुलिस

जब इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर पहुंचा, तो लोगों ने पुलिस की जमकर क्लास लगा दी। लोग इसे ‘एक तो चोरी ऊपर से सीनाजोरी’ बताने लगे। मामला बढ़ता देख अब ट्रैफिक विभाग बैकफुट पर है। अधिकारियों का कहना है कि आपाधापी और बहस के दौरान भूलवश पॉल्यूशन का चालान कट गया। अब इस गलत चालान को सिस्टम से कैंसिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पढ़ें ये खबरें