भाजपा ने अपने सभी सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। इस व्हिप के तहत पार्टी ने आगामी विशेष संसद सत्र को लेकर अपने सभी सांसदों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि सभी सांसद 16 से 18 अप्रैल तक संसद के विशेष सत्र के दौरान अपने-अपने सदन में मौजूद रहें। यह विशेष सत्र प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व वाली NDA सरकार ने बुलाया है। यह सत्र तीन दिनों तक चलेगा और इसमें कुछ अहम विधेयकों पर चर्चा और उन्हें पास करने की योजना है। सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा महिला आरक्षण से जुड़ा है। पार्टी की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि बताये गए अवधि के दौरान किसी भी सांसद या केंद्रीय मंत्री को छुट्टी नहीं दी जाएगी। सभी सदस्यों को दोनों दिन सदन में रहने का सख्त आदेश दिया गया है।
व्हिप में क्या लिखा गया ?
भाजपा द्वारा जारी पत्र में कहा गया है ‘गुरुवार से शनिवार, 16 से 18 अप्रैल 2026 तक, लोकसभा और राज्यसभा के सभी भाजपा सदस्यों के लिए तीन-लाइन व्हिप जारी किया जा रहा है। सभी केंद्रीय मंत्रियों और सदस्यों से अनुरोध है कि वे उपरोक्त सभी तीन दिनों के दौरान सदन में उपस्थित रहें। सदन में उपस्थिति अनिवार्य है। कोई छुट्टी स्वीकृत नहीं की जाएगी। सदस्यों से अनुरोध है कि वे व्हिप का कड़ाई से पालन करें और सदन में अपनी निर्बाध उपस्थिति सुनिश्चित करें। आपके सहयोग की अत्यधिक सराहना की जाती है।’
लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 816 करने की योजना
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार महिला आरक्षण कानून (women reservation bill) में कुछ बदलाव करने की तैयारी में है। इसके तहत आने वाले समय में संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 816 करने की योजना है, जिसमें से करीब 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। मौजूदा समय में लोकसभा के भीतर 543 सीटें मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि इन प्रस्तावों को पहले ही केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिल चुकी है। सरकार का मकसद है कि 2029 के आम चुनाव से पहले यह व्यवस्था लागू कर दी जाए, ताकि महिलाओं को राजनीति में ज्यादा अवसर मिल सकें।
राजनीतिक सरगर्मी भी तेज
वहीं, इस विशेष सत्र को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। विपक्षी दलों ने सरकार से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाने और परिसीमन जैसे मुद्दों पर स्पष्ट जानकारी देने की मांग की है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर संसद का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया है। डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि संसद को गंभीरता से लेने के बजाय राजनीतिक नाटक किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले इस तरह की गतिविधियां लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करती हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन के मुद्दे से जुड़े प्रस्तावित संवैधानिक संशोधनों पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने का आग्रह किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष संसदीय सत्र विपक्ष को विश्वास में लिए बिना बुलाया गया है, और चेतावनी दी कि सार्थक चर्चा के लिए महत्वपूर्ण विवरण अभी भी स्पष्ट नहीं हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

