IPL 2026 CSK Flop Player: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन यानी आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की गाड़ी पटरी पर लौटती दिख रही है. पहले तीन मैचों में हार और आखिरी दो मैचों में जीत ने फैंस को थोड़ा सुकून दिया है. 14 अप्रैल की शाम सीजन के 22वें मुकाबले में केकेआर के खिलाफ 32 रनों से मिली जीत येलो आर्मी के फैंस और टीम मैनेजमेंट के लिए जितनी सुकून देने वाली थी, उतनी ही चिंताजन की. ऐसा इसलिए क्योंकि टीम का वो बल्लेबाज फॉर्म में नहीं लौटा, जो कभी इस टीम का सबसे बड़ा योद्धा था, वो क्रीज पर आते ही रनों की बारिश करता था, लेकिन 19वें सीजन में वह एक-एक रन को तरस सा गया है.

हम बात कर रहे हैं ऋतुराज गायकवाड़ की, जो कभी चेन्नई की बल्लेबाजी की रीढ़ हुआ करते थे, लेकिन आज वही ऋतुराज टीम के लिए सबसे बड़े ‘विलेन’ बनते नजर आ रहे हैं. आईपीएल 2026 में इस ओपनर के आंकड़े चीख-चीख कर गवाही दे रहे हैं कि ऋतुराज इस समय लीग के सबसे ‘फिसड्डी’ खिलाड़ी और कप्तान भी हैं. उनकी कप्तानी में ना वह पुरानी धार दिख रही है और ना ही बल्ले से रन निकल रहे हैं. पिछले 6 सालों में चेन्नई की बल्लेबाजी की ‘रीढ़ की हड्डी’ रहे ऋतुराज के खराब फॉर्म का आलम ये है कि इस सीजन पहले 5 मैचों के बाद भी उनके बल्ले से एक अदद बड़ी पारी नहीं निकली है.

ऋतुराज के हैरान करने वाले आंकड़े

इस सीजन के 5 मैचों में ओपनिंग करते हुए ऋतुराज ने महज 12.60 की शर्मनाक औसत से रन बनाए हैं. टी20 के दौर में जहां बल्लेबाज 150-160 के स्ट्राइक रेट से खेल रहे हैं, वहीं गायकवाड़ 105.00 के स्ट्राइक रेट पर अटक गए हैं. इन 5 मुकाबलों में उनके बल्ले से केवल 60 रन निकले हैं, जिसमें कुल 5 चौके और सिर्फ 1 छक्का शामिल है. उनका हाई स्कोर महज 28 रन रहा है.

कप्तानी के बोझ तले दबे गायकवाड़?

ये आंकड़े ऋतुराज जैसे स्टार बल्लेबाज के टैलेंट पर एक धब्बे की तरह हैं, क्योंकि ये वही खिलाड़ी है, जो टी20 के एक मुकाबले में एक ओवर में लगातार 7 छक्के भी ठोक चुका है. इस खराब फॉर्म के चलते फैंस ये मान रहे हैं कि ऋतुराज कप्तानी के बोझ तले दबे हैं.

चेन्नई को 2 खिताब दिलाने में अहम रोल

ऋतुराज ने 6 साल पहले 2020 में चेन्नई के लिए डेब्यू किया था, फिर अगले ही साल यानी 2021 में उन्होंने तबाही मचा दी थी. उस सीजन 16 मैचों में 635 रन बनाकर उन्होंने ऑरेंज कैप जीती थी. ये वही सीजन था जब चेन्नई ने चौथी बार खिताब जीता था. फिर 2022 के 14 मैचों में 368 रन किए थे. इसके बाद जब चेन्नई साल 2023 में चैंपियन बनी थी, तब भी ऋतुराज ने कमाल किया था. उन्होंने 2023 के सीजन में 42.14 की औसत से 590 रन बनाए थे. साल 2024 में भी उन्होंने कमाल किया और 583 रन बनाकर अपनी बादशाहत कायम रखी, लेकिन 2025 में चोट के बाद 2026 में हुई उनकी वापसी अब तक टीम पर ‘बोझ’ ही साबित हुई है.

76 मैचों का अनुभव रखने वाले दाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेाबज ऋतुराज से उम्मीद थी कि वे धोनी की विरासत को आगे ले जाएंगे, लेकिन इस सीजन में ना तो उन्हें अच्छी शुरुआत मिल रही है और ना ही वे मध्यक्रम को कोई सहारा दे पा रहे हैं. हालांकि टीम ने आखिरी 2 मैच जीते हैं, लेकिन बतौर ओपनर ऋतुराज की नाकामी चेन्नई को प्लेऑफ की रेस में भारी पड़ सकती है. ऋतुराज चाहेंगे कि अगले मैच में हैदराबाद के खिलाफ 18 अप्रैल को वह एक बड़ी पारी खेलें.

आईपीएल में ऋतुराज गायकवाड़ के आंकड़ों पर एक नजर

ऋतुराज को आईपीएल में 76 मैचों का अनुभव है. वह पिछले 6 साल से इस लीग में खेल रहे हैं. साल 2020 में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डेब्यू किया था. अब तक 76 मैचों में 38.28 की औसत और 136.44 के स्ट्राइक रेट से 2565 रन बना चुके हैं. उनके नाम 20 अर्धशतक और 2 शतक भी हैं, लेकिन आईपीएल 2026 में ऋतुराज उस लय में नहीं दिखे, जिसके लिए वह जाने जाते हैं. ना तो उन्हें शुरुआत बढ़िया मिली है और ना ही वह कप्तानी में अच्छा कर पाए हैं.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H