ललित ठाकुर, राजनांदगांव। शहर के शांति नगर के रहवासियों ने बुधवार को चिखली पुलिस चौकी का घेराव किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उनके क्षेत्र में जातिगत गाली गलौज और समाज को अबशब्द कहने वाले लोगों को पुलिस प्रशासन छूट दे रही है। इसके अलावा क्षेत्र में गुंडागर्दी की शिकायतों पर पुलिस पीड़ित पक्ष से ही गलत बर्ताव कर रही है।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस चौकी चिखली के प्रभारी को हटाने की मांग भी की है। गौरतलब है कि 14 अप्रैल मंगलवार की शाम डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर विशाल जुलूस निकला हुआ था। इस दौरान पड़ोस के शंकरपुर वार्ड के कुछ लोगों ने रैली में जा रहे लड़कों से गाली गलौज की और जातिगत अपशब्द कहा। कुछ लड़कों ने उनकी बातों का विरोध किया। ‌कल पुलिस जवान की मौजूदगी की वजह से झगड़ा तो टल गया लेकिन आज उस झगड़े ने फिर से नया मोड़ ले लिया।

आज सुबह शंकरपुर वार्ड के लड़कों ने शांति नगर क्षेत्र में समाज के लोगों को जातिगत गाली गलौज दी। ‌लोगों ने उसका विरोध किया और तीन लोगों को पकड़कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को हिरासत में लिया।‌ इधर चिखली पुलिस चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मियों द्वारा समाज के लोगों के साथ बुरा बर्ताव करने का आरोप शांतिनगर के लोगों ने लगाया है।