IPL 2026 Pat Cummins: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का रोमांच चरम पर है. 23 मैचों के बाद एक टीम अपना कप्तान बदलने जा रही है. ये कोई और नहीं बल्कि साल 2016 की चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद है.
IPL 2026 Pat Cummins: आईपीएल 2026 की धूम के बीच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खेमे से एक ऐसी खबर आई है, जिसने फैंस के चेहरे पर मुस्कान ला दी है. टीम के रेगुलर कप्तान पैट कमिंस पूरी तरह फिट हो चुके हैं. वो कल यानी 17 अप्रैल को ऑस्ट्रेलिया से भारत के लिए उड़ान भरेंगे. पैट कमिंस ने इस सीजन के पहले 4 मैच मिस किए हैं. वो स्ट्रेस इंजरी के कारण नहीं खेले थे. टूर्नामेंट के बीच में उन्हें स्वदेश लौटना पड़ा था, अब उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से ‘फिटनेस क्लीयरेंस’ मिल गई है. 18 करोड़ में रिटेन किए गए कमिंस की वापसी के चलते अब ईशान किशन से कप्तानी छिन जाएगी, जो उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाल रहे थे.

पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान किशन ने पहले 5 मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद की कमान संभाली है. इनमें से टीम को 3 में जीत जबकि 2 में हार झेलनी पड़ी. ये टीम पॉइंट टेबल में 6 अंकों के साथ फिलहाल चौथे स्थान पर काबिज है. किशन ने बतौर कप्तान और बतौर बल्लेबाज कमाल का प्रदर्शन किया है. अब जब वो कप्तानी की जिम्मेदारी से मुक्त हो जाएंगे, तो बतौर बल्लेबाज अपनी आक्रामक फॉर्म पर ज्यादा फोकस कर पाएंगे, जिसका फायदा टीम को मिलेगा.
आखिर कमिंस को क्या हुआ था?

अब सवाल ये है कि आखिर कमिंस को हुआ क्या था? 32 साल के पैट कमिंस को पिछले साल अगस्त में कमर की हड्डी में स्ट्रेस इंजरी हुई थी. इस चोट ने उनकी पीठ के दर्द को इतना बढ़ा दिया था कि वे इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के दौरान केवल एक ही मैच खेल पाए थे. इतना ही नहीं, इसी चोट के कारण वे 2026 के टी20 वर्ल्ड कप से भी बाहर हो गए थे, जहां ऑस्ट्रेलिया का सफर सुपर-8 से खत्म हो गया था.
SRH की ताकत होगी डबल
आईपीएल 2026 के लिए कमिंस सीजन के आगाज से पहले ही हैदराबाद से जुड़ गए थे, लेकिन फॉलो-अप स्कैन के लिए उन्हें दोबारा ऑस्ट्रेलिया जाना पड़ा था. अब ताजा स्कैन रिपोर्ट में उन्हें पूरी तरह फिट पाया गया है, जो हैदराबाद के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. कमिंस की वापसी से हैदराबाद की ताकत डबल होने वाली है, क्योंकि वो गेंद से कहर बरपाने के साथ बल्ले से छक्कों की बारिश भी करते हैं.
कब खेलेंगे मैच?
पैट कमिंस ने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपनी वापसी की पुष्टि की है. वे शुक्रवार, 17 अप्रैल को भारत के लिए उड़ान भरेंगे, हालांकि टीम मैनेजमेंट उन्हें लेकर किसी भी तरह की जल्दबाजी के मूड में नहीं है. रिपोर्ट्स की मानें तो कमिंस चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अगला मैच मिस कर सकते हैं, ताकि उनका वर्कलोड सही तरीके से मैनेज किया जा सके. माना जा रहा है कि वे 25 अप्रैल को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेंगे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

