दिल्ली में गुरुवार को तेज और चिलचिलाती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। राजधानी के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इस बारिश से तापमान में ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि उमस बढ़ सकती है, जिससे गर्मी और अधिक महसूस हो सकती है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 40.3°C दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड पर 40.1°C और आया नगर में 40.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, रिज क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां पारा 41.4°C तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य के आसपास बना रहा। सफदरजंग में 20.3°C, पालम में 21.6°C और रिज क्षेत्र में 22.5°C दर्ज किया गया। इसके अलावा, राजधानी में नमी का स्तर भी उतार-चढ़ाव भरा रहा। अधिकतम आर्द्रता 73 फीसदी और न्यूनतम 19 फीसदी दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का एहसास हुआ।

आंशिक रूप से छाए रहेंगे बादल

दिल्ली में गर्मी का असर अभी जारी रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो बीच-बीच में थोड़ी राहत जरूर देंगी, लेकिन तापमान पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। शनिवार को भी सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहने के बाद आसमान साफ हो जाएगा। दोनों ही दिनों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को फिलहाल गर्मी से खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

दिल्ली में इन दिनों तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक चल रहा है, जिसके कारण लोगों को दिन के समय तेज और झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, बढ़ते तापमान और लू जैसी स्थिति को देखते हुए लोगों को अपनी दिनचर्या और खान-पान में बदलाव करने की जरूरत है, ताकि गर्मी के असर से बचा जा सके।

गर्मी से बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय:

दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं ताकि शरीर में पानी की कमी न हो, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और ताजे फलों के रस का सेवन करें, जरूरत पड़ने पर ओआरएस का घोल लें, खीरा, तरबूज और खरबूजा जैसे पानी से भरपूर फल खाएं, दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, बाहर निकलते समय छाता, टोपी या सनग्लास का इस्तेमाल जरूर करें

ग्रैप के पहले चरण की पाबंदियां लागू

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का पहला चरण लागू कर दिया है। राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 226 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। आयोग के मुताबिक, मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ा है और आने वाले दिनों में भी यह स्थिति ‘खराब’ से ‘मध्यम’ के बीच बनी रह सकती है। इसी को देखते हुए 31 बिंदुओं की कार्ययोजना के तहत सख्त कदम लागू किए गए हैं।

GRAP-1 के तहत उठाए गए प्रमुख कदम

निर्माण और तोड़फोड़ कार्यों में धूल नियंत्रण के नियमों का सख्ती से पालन अनिवार्य , बिना पंजीकरण वाले बड़े निर्माण कार्यों पर रोक ,सड़कों की मशीनों से नियमित सफाई ,धूल कम करने के लिए पानी का छिड़काव बढ़ाया जाएगा।

इन पर रहेगा प्रतिबंध

 कूड़ा, मलबा और खतरनाक अपशिष्ट को खुले में फेंकने और जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई, पुराने डीजल और पेट्रोल वाहनों पर कार्रवाई, ज्यादा धुआं छोड़ने वाले वाहन जब्त किए जाएंगे,  ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाएगी , उद्योगों, ईंट भट्टों और बिजली संयंत्रों को केवल स्वीकृत ईंधन का ही उपयोग करना होगा ,  होटलों और रेस्टोरेंट्स में कोयला और लकड़ी के इस्तेमाल पर रोक।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m