कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में कुशवाह समाज के हॉस्टल के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान दो गुटों के बीच जमकर विवाद हो गया। बेला की बाबड़ी के पास आयोजित कार्यक्रम में मारपीट के साथ कुर्सियां फेंके जाने का वीडियो सामने आया है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मंत्री नारायण सिंह कुशवाह मौजूद थे। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि सिंधिया को काले झंडे दिखाए जाने के बाद विवाद हुआ। हालांकि, काले झंडे दिखाए जाने और मारपीट के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र में कुशवाह समाज के हॉस्टल के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और कुर्सियां भी फेंकी गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पहुंचने के दौरान काले झंडे दिखाए जाने की चर्चा है। आरोप है कि काले झंडे दिखाने वाले लोगों के साथ सिंधिया समर्थक कार्यकर्ताओं ने विवाद कर मारपीट की। पुलिस विरोध करने वाले लोगों को थाने लेकर पहुंची।

ये भी पढ़ें: एमपी बीजेपी में दो नई नियुक्तियां: शिवराज और अजय शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी, सीएम-प्रदेश अध्यक्ष ने दी बधाई

सांसद भारत सिंह को आमंत्रित न करने पर नाराजगी!

चर्चा है कि काले झंडे दिखाने वाले लोग स्थानीय सांसद भारत सिंह कुशवाह के समर्थक बताए जा रहे हैं। समर्थकों के भारत सिंह कुशवाह को हॉस्टल के उद्घाटन कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने से नाराज होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना की सूचना मिलने के बाद गिरवाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें: पति, पत्नी और ‘वो’ का हाईवोल्टेज ड्रामा: गैर-मर्द के साथ देख पति ने खोया आपा, पत्नी की धुनाई कर ‘आशिक’ की तोड़ दी स्कूटी!

पूर्व पार्षद ने लगाए ये आरोप

पूर्व पार्षद भूपेंद्र सिंह कुशवाह ने आरोप लगाया कि राजनीति से जुड़े लोग कुशवाह समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय सांसद भारत सिंह कुशवाह को कार्यक्रम में नहीं बुलाना साफ जाहिर करता है कि समाज के साथ क्या हो रहा है। फिलहाल कुशवाह समाज के हॉस्टल के उद्घाटन कार्यक्रम में हुए विवाद के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। अब पुलिस की जांच के बाद ही विवाद की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m