नितिन नामदेव, रायपुर। नाशिक स्थित टीसीएस कंपनी से जुड़े कथित “कॉर्पोरेट जिहाद” के आरोपों के बाद देशभर में विरोध तेज हो गया है। इसी क्रम में राजधानी रायपुर में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति, दुर्गा वाहिनी और महिला हिंदू कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव को लेकर राष्ट्रपति के नाम प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कंपनी के भीतर हिंदू महिलाओं पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है। इनकार करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जा रही है। कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

​प्रशासन से की ये प्रमुख मांगें

  • ​राष्ट्र विरोधी और आपराधिक मानसिकता वाले तत्वों को चिह्नित कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई हो।
  • ​सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि से अवैध कब्जा तत्काल हटाया जाए।
  • ​लव जिहाद और जबरन धर्मांतरण को रोकने कठोर केंद्रीय कानून लागू किया जाए।
  • जनजातीय क्षेत्रों में शोषण रोकने के लिए विशेष सुरक्षा तंत्र विकसित हो।

​प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और चेतावनी दी कि यदि इन गतिविधियों पर नकेल नहीं कसी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।