Rajasthan News: पाली जिले के खौड़ क्षेत्र के लिए शनिवार का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। आजादी के बाद यह पहला मौका है जब खौड़ से जोधपुर और उदयपुर के बीच सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू की गई है। सालों पुरानी इस मांग के पूरा होते ही ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शनिवार सुबह जैसे ही नीले रंग की रोडवेज बस गांव की सीमा में दाखिल हुई, वहां का नजारा किसी बड़े उत्सव जैसा हो गया।

ढोल-थाली और मिठाइयों से हुआ जोरदार स्वागत

दरअसल, बस के आने की खबर मिलते ही खौड़ सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोग सुबह से ही सड़क किनारे जमा हो गए थे। बस के पहुंचते ही ग्रामीणों ने ढोल-थाली बजाकर और फूल-मालाएं पहनाकर बस का स्वागत किया। गौरतलब है कि ग्रामीणों ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर का भी तिलक लगाकर और साफा पहनाकर सम्मान किया। इस दौरान पूरे इलाके में मिठाइयां बांटी गईं।

क्या रहेगा बस का टाइम-टेबल?

ग्राउंड सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अब लोगों को जोधपुर या उदयपुर जाने के लिए निजी टैक्सियों या डग्गामार वाहनों के भरोसे नहीं रहना होगा। बस रोजाना सुबह 8:00 बजे जोधपुर से रवाना होगी। यह बस करीब 10:00 बजे खौड़ पहुंचेगी। इसी रूट से बस वापस जोधपुर के लिए भी सुविधा देगी।

छात्रों और मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

बता दें कि इस बस सेवा को हरी झंडी दिखाने के दौरान पूर्व यूआईटी चेयरमैन संजय ओझा और सरपंच दुर्गा रूपेश दाधीच मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इसके लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ और कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत का विशेष आभार जताया है। उच्च शिक्षा के लिए जोधपुर जाने वाले छात्रों और इलाज के लिए उदयपुर जाने वाले बुजुर्गों को अब सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इसी के साथ ही सीधा रूट होने से स्थानीय व्यापारियों का माल भी अब कम खर्च में बड़े शहरों तक पहुंच सकेगा।

पढ़ें ये खबरें