Bilaspur News Update : बिलासपुर। पश्चिमी हवाओं के आने से गर्मी का कहर बरप रहा है, सुबह 9 बजे से आसमान से आ रही तेज किरणें आग बरसा रही है। हालत यह है कि दोपहर 12 बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा छा जा रहा है, वहीं जिन लोगों को जरूरी काम है, वे भी सावधानी बरतते हुए बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 2 दिन तापमान में कोई कमी होने के आसार नहीं है। रविवार को बिलासपुर का तापमान 43.4 डिग्री दर्ज किया गया है।

प्रदेश में लू के थपेड़े चलने लगे हैं, जिसके चलते तापमान 44 डिग्री की ओर बढ़ने लगा है। राजधानी रायपुर के साथ ही बिलासपुर, दुर्ग संभाग के इलाकों में अगले 2 दिनों तक हीट वेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है। गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल होने लगा है। सुबह 9 बजे से ही सूरज अपने तेवर दिखा रहा और 12 बजे तक पूरे शबाब में पहुंच रहा है, जिसके चलते लोगों का चिलचिलाती गर्मी से सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान सड़के विरान हो जाती हैं।

घंटों बिजली बंद से हलाकान लोग

43 डिग्री के तापमान में भी बिजली बंद होना लोगों के लिए भारी पड़ रहा है, दिन के साथ ही रात में भी बिजली बंद की घटनाएं बढ़ चुकी है, ऐसे में विभाग द्वारा कटौती कर किया जा रहा मेंटनेंस लोगों के गले नहीं उतर रहा है। रविवार को भी शहर के कई इलाकों में बिजली की ट्रिपिंग जारी रही, जिससे उपभोक्ता हलाकान होते रहे। तिफरा क्षेत्र में सुबह से ही बिजली बंद रही, करीब 11 बजे के आसपास बिजली का तार टूटने के कारण करीब 2 घंटे तक सप्लाई ठप रही, लेकिन शाम करीब 3 बजे 11 केवी तार में फाल्ट आने और केबल बदलने के लिए बिजली बंद रही, रात 9 बजे तक बिजली नहीं आने के कारण लोगों को गुस्सा भड़कने लगा। यही हाल गोलबाजार, शनिचरी, विद्या नगर, व्यापार विहार, गोंड़पारा जैसे क्षेत्रों में रहा, जहां सुबह से 10.30 बजे से शाम तक बिजली की आंखमिचौली जारी रही, बताया जा रहा है कि 33 केवी शनिचरी सबस्टेशन में आई खराबी के कारण दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक बिजली बंद रही, इसके बाद शाम होते-होते करीब 3 से 4 बार बिजली आधे घंटे के लिए गोल रही।

ऑल इंडिया जूनियर बास्केटबॉल में बिलासपुर युवा खिलाड़ियों ने जीता गोल्ड मेडल

बिलासपुर। शहर के युवा खिलाड़ियों ने एक बार फिर कमाल कर दिखाया है. युवा खिलाड़ियों ने उज्जैन में ऑल इंडिया जूनियर बास्केटबॉल में जीता गोल्ड मेडल जीत लिया है. बास्केटबॉल मैच में टीम की कप्तानी शुभम, वाइस कप्तान अहमद थे. वहीं, टीम को कोच टी.एस. प्रकाश राव के मार्गदर्शन में ये सफलता मिली है. खिलाड़ियों ने शहर और प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है.

नशे के कारोबार में लिप्त 18 आरोपियों को भेजा गया जेल

मुंगेली। गांजा, ब्राउन शुगर व अन्य नशे का कारोबार एवं सेवन करने वाले आरोपियों के विरूद्ध पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। मामाले में 18 के विरूद्ध कार्रवाई कर जेल भेजा गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। 19 अप्रैल को मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नाम अनिल खरसायन पिता जनक राम उम्र 38 वर्ष निवासी केसवपुर तिलक वार्ड मुंगेली, सुनील शिवारे पिता स्व. दुर्गा उम्र 36 वर्ष निवासी केसवपुर तिलक वार्ड मुंगेली, श्यामू कोसले पिता गणेश उम्र 29 वर्ष निवासी केसवपुर तिलक वार्ड मुंगेली, अमोन मसीह पिता संदीप उम्र 20 वर्ष निवासी सुरीघाट, रामू कोसले पिता गणेश उम्र 30 वर्ष निवासी केसवपुर तिलक वार्ड, करण लहरे पिता स्व. सुजीत लहरे उम्र 25 वर्ष निवासी केसवपुर तिलक वार्ड, शिव यादव पिता स्व. ढेरहू राम उम्र 30 वर्ष निवासी विनोबा नगर वार्ड, पवन सोनकर पिता भुनेश्वर सोनकर उम्र 21 वर्ष निवासी मनुराज टाकिज के पीछे सोनार पारा, जय साहू पिता संजय साहू उम्र 21 वर्ष निवासी मनुराज टाकिज के पीछे सरदार पटेल वार्ड, सतीश ठाकुर पिता मूलचंद ठाकुर उम्र 20 वर्ष निवासी रामगोपाल तिवारी वार्ड, गुलशन सिंह ठाकुर पिता निर्मल सिंह ठाकुर उम्र 34 वर्ष निवासी रामगोपाल तिवारी वार्ड, दिवी पाठक पिता गोपी पाठक उम्र 25 वर्ष निवासी पुलपारा, सूर्याश सिंह ठाकुर पिता रवि सिंह ठाकुर उम्र 21 वर्ष निवासी रामगोपाल तिवारी वार्ड, अवि पाठक उर्फ लक्की पाठक पिता गोपी पाठक उम्र 23 वर्ष निवासी रामगोपाल तिवारी वार्ड, गिरीश ठाकुर पिता मूलचंद ठाकुर उम्र 24 वर्ष निवासी रामगोपाल तिवारी वार्ड, विजय सारथी पिता स्व. शिवनारायण सारथी उम्र 27 वर्ष राजेन्द्र वार्ड सारथी मोहल्ला, सूरज देवांगन पिता संतू देवांगन उम्र 27 वर्ष निवासी विनोवा भावे वार्ड, संजय पाण्डेय पिता रामनिहोरा पाण्डेय उम्र 33 वर्ष निवासी खरीपारा को हिरासत में लेकर इश्तगाशा तैयार करते हुये धारा 170, 126(बी), 135(3) बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई करते हुये न्यायालय पेश कर जेल वारंट पर जेल दाखिल किया गया।

झुलसे युवक की इलाज के दौरान मौत

बिलासपुर। पेट्रोल खरीदकर आग लगाने वाले युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। ज्ञात हो कि 17 अप्रैल को बिल्हा पौंसरी निवासी मनजीत जायसवाल 28 साल ने 17 अप्रैल को दोपहर में पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीद कर आग लगा ली थी। 18 अप्रैल को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है।

परशुराम जयंती पर आज निकलेगी शोभायात्रा

जांजगीर-चांपा। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर सोमवार 20 अप्रैल को नगर में शोभा यात्रा नकाली जाएगी। शोभायात्रा दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से शुरु होकर परशुराम चौक रेलवे स्टेशन नैला में समाप्त होगी। यहां भगवान परशुराम की मूर्ति के पूजन अर्चन की जाएगी। शोभा यात्रा की समाप्ति के उपरांत नैला मारवाड़ी धर्मशाला में सभी श्रद्धालुओं के लिए भोज की व्यवस्था की गई है। रैली का समय शाम 5 बजे निर्धारित किया गया है। इस शोभायात्रा में सभी विप्र जन के परिवार के महिला पुरुष एवं बच्चे शामिल रहेंगे। शोभायात्रा में सबसे प्रारंभ में डमरू और शंख के साथ स्वस्ति वाचन एवं श्लोक के साथ विप्र जन पूरी शोभायात्रा में सामने चलेंगे। उसके पीछे ब्राह्मण नारी नव चेतना मंच द्वारा आयोजित उपनयन संस्कार में शामिल सभी बटुक अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। रैली में शोभायात्रा के आगे करमा का नृत्य दल रहेगा।

कीर्तन की व्यवस्था की गई है। कर्मा नृत्य दल के पीछे में डीजे की व्यवस्था होगी जिसके पीछे भजन कीर्तन, नृत्य करते हुए बालिकाओं महिलाओं का दल रहेगा। डीजे के पीछे भगवान परशुराम जी की प्रतिकृति के साथ सुसज्जित रथ रहेगी, जिसमें दोनों तरफ प्रकाश की व्यवस्था रहेगी। परशुराम जयंती को लेकर शहर के कचहरी चौक, नेताजी चौक एवं परशुराम चौक को तोरण एवं झालर से सुसज्जित किया गया है।

विभिन्न स्थानों पर लगेगा प्लेसमेंट कैंप, सैकड़ों पदों पर होगी भर्ती

सक्ती। जिला सक्ती अंतर्गत बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करने की दृष्टि से जनपद, नगर पालिका एवं नगर पंचायत स्तर पर प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एस.आई.एस. इंडिया लिमिटेड अनूपपुर द्वारा जनपद पंचायत मालखरौदा में 21 अप्रैल को, जनपद पंचायत जैजैपुर में 22 अप्रैल को, जनपद पंचायत डभरा में 23 अप्रैल को तथा जनपद पंचायत सक्ती में 24 अप्रैल को प्लेसमेंट कैंप लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शासकीय आईटीआई मालखरौदा में 25 अप्रैल, शासकीय आईटीआई जैजैपुर में 27 अप्रैल तथा शासकीय आईटीआई डभरा में 28 अप्रैल को भी प्लेसमेंट कैंप का आयोजन निर्धारित किया गया है।