Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (20 अप्रैल 2026) की खबरों में कबूतरों को दाना खिलाना अब पड़ेगा भारी, दिल्ली में प्रॉपर्टी रजिस्ट्री होगी ऑनलाइन और पेपरलेस, CAG रिपोर्ट के बाद विधानसभा सचिवालय ने दिए सख्त निर्देश, दिल्ली में EV नीति से बड़ा बदलाव प्रस्तावित, दिल्ली-NCR में प्रचंड गर्मी का दौर जारी प्रमुख रहा।

कबूतरों को दाना खिलाना अब पड़ेगा भारी

नई दिल्ली में सार्वजनिक जगहों पर कबूतरों को दाना खिलाने की परंपरा अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को देखते हुए नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने इस पर सख्त रुख अपनाया है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। NDMC का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कबूतरों को दाना डालने से गंदगी बढ़ती है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। कबूतरों की बीट और बचे हुए दाने से इलाके अस्वच्छ हो जाते हैं, जो आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकते हैं।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में प्रॉपर्टी रजिस्ट्री होगी ऑनलाइन और पेपरलेस

दिल्ली सरकार अब प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और पेपरलेस बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, यह नई व्यवस्था अगले 5 से 6 महीनों में लागू की जा सकती है। इस पहल का उद्देश्य रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को आसान, पारदर्शी और तेज बनाना है, ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और समय की बचत हो सके। नई प्रणाली लागू होने के बाद दस्तावेजों की डिजिटल जांच, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और ई-पेमेंट जैसी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। गौरतलब है कि इससे पहले अरविंद केजरीवाल की सरकार ने भी प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन को पूरी तरह ऑनलाइन करने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन वह योजना पूरी तरह जमीन पर नहीं उतर पाई थी।

पढ़े पूरी खबर…..

CAG रिपोर्ट के बाद विधानसभा सचिवालय ने दिए सख्त निर्देश

दिल्ली की सबसे गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों में शामिल वाहन जनित वायु प्रदूषण को लेकर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। दिल्ली विधानसभा सचिवालय ने इस मुद्दे पर कार्रवाई तेज करते हुए नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट के आधार पर बड़ी पहल की है। वाहन जनित वायु प्रदूषण की रोकथाम और नियंत्रण पर किए गए प्रदर्शन ऑडिट के निष्कर्षों को ध्यान में रखते हुए लोक लेखा समिति (PAC) की तीसरी रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। सभी संबंधित विभागों को CAG की सिफारिशों पर कार्रवाई करनी होगी. 31 दिसंबर 2026 तक सिफारिशों के क्रियान्वयन की स्थिति स्पष्ट करनी होगी. पूरी कार्रवाई रिपोर्ट 31 जनवरी 2027 तक विधानसभा सचिवालय को सौंपनी होगी.

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में EV नीति से बड़ा बदलाव प्रस्तावित

दिल्ली में वाहन नीति को लेकर एक बड़ा बदलाव प्रस्तावित किया गया है, जो आने वाले वर्षों में राजधानी की सड़कों पर परिवहन की तस्वीर बदल सकता है। अगर नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति लागू होती है, तो 2028 के बाद रजिस्टर होने वाले नए वाहनों में इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) की हिस्सेदारी 65% से अधिक हो सकती है। सरकार का उद्देश्य इस नीति के जरिए राजधानी में बढ़ते प्रदूषण को कम करना, ईंधन पर निर्भरता घटाना और स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना है। भारत सरकार और राज्य स्तर पर इस दिशा में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को तेज करने पर जोर दिया जा रहा है, जिसके तहत EV खरीद पर सब्सिडी, चार्जिंग स्टेशन नेटवर्क का विस्तार और वाहनों के इलेक्ट्रिफिकेशन को बढ़ावा देने की योजना शामिल है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली-NCR में प्रचंड गर्मी का दौर जारी

दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी का दौर अब तेज होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं और लोगों को तेज गर्मी के साथ लू का सामना करना पड़ सकता है। मंगलवार (21 अप्रैल) की सुबह राजधानी में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा। सुबह 6 बजे तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हल्की ठंडक और साफ आसमान ने लोगों को कुछ राहत जरूर दी, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं रहने वाली है। जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, तापमान तेजी से बढ़ेगा और दोपहर तक प्रचंड गर्मी महसूस होगी।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

कोर्ट की कार्यवाही की फुटेज सोशल मीडिया में डाली,PIL दाखिल: दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल एक नए मुसीबत में फंसते हुए नजर आ रहे हैं. केजरीवाल और उनके करीबियों के खिलाफ जनहित याचिका दाखिल की गई है. इस याचिका में कोर्ट की अवमानना की कार्रवाई की मांग की गई है. दरअसल, दिल्ली हाई कोर्ट में दाखिल याचिका में केजरीवाल पर जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा के साथ हुई जिरह की फुटेज को सोशल मीडिया पर अपलोड करने का आरोप लगाया गया है. इस मामले में केजरीवाल के साथ साथ मनीष सिसोदिया और संजय सिंह के खिलाफ भी अवमानना की कार्रवाई करने की मांग की गई है. कहा गया है कि, कार्यवाही की रिकॉर्डिंग को जान-बूझकर और सोची-समझी रणनीति के तहत दिल्ली हाई कोर्ट के VC नियमों का उल्लंघन करते हुए पब्लिश किया गया. (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली और मानवता दोनों शर्मसार: Son Rapes Elderly Mother in Delhi: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बुराड़ी इलाके से बेहद चौंकाने वाला और मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां 36 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर नशे की हालत में अपनी 70 वर्षीय बुजुर्ग मां को घर में बंधक बनाकर उनके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला की शिकायत के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी घटना के समय नशे में था। फिलहाल पीड़िता को जरूरी चिकित्सकीय सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा: दिल्ली सरकार के मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल स्नातकोत्तर, डीएनबी और फेलोशिप की कुल 108 अतिरिक्त सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के अनुसार, इस फैसले से राजधानी में मेडिकल शिक्षा का दायरा बढ़ेगा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। (पढ़े पूरी खबर)

धिकारियों पर भड़कीं CM रेखा गुप्ता: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के व्यस्त इलाकों में औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक मशीनरी की कार्यप्रणाली पर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने आज़ादपुर मंडी, गुप्ता मार्केट और आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने चल रहे विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। (पढ़े पूरी खबर)

अरविंद केजरीवाल की पहली प्रतिक्रिया: आबकारी नीति मामले में स्वर्ण कांता शर्मा (Swarna Kanta Sharma) के फैसले पर पहली प्रतिक्रिया देते हुए अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा है कि वह अदालत के आदेश को पढ़ने के बाद ही कोई विस्तृत टिप्पणी करेंगे। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए द्रविड़ मुनेत्र कड़गम के प्रचार के लिए चेन्नई पहुंचे केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह कल भी वहीं थे और अब दिल्ली लौटकर आदेश को ध्यान से पढ़ेंगे। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m