Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट से जल्द ही दिल्ली तक की सीधी उड़ान मिलेगी. राज्य सरकार और अलायंस एयर ने इसकी घोषणा कर दी है. 3 मई यानी रविवार को यह ऐतिहासिक दिन होगा. दिल्ली से बिलासपुर और बिलासपुर से दिल्ली की सीधी उड़ान हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए सुखद होगा.

बिलासा एयरपोर्ट से दिल्ली के बीच सीधी हवाई सेवा की मांग लंबे समय से की जा रही है, जिसके अब पूरे होने के दिन नजदीक आ चुके हैं. अलायंस एयर द्वारा दिल्ली की उड़ान शाम 6.20 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और 6. 45 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी. करीब ढाई घंटे का सफर तय कर रात 9. 25 बजे दिल्ली में लैंड किया जा सकेगा. शुरूआती दिनों में यह सेवा रविवार के लिए ही शुरू की जा रही है, जिसे यात्रियों की मांग पर हफ्ते में दो दिन बढ़ाया जा सकता है. इस फ्लाइट के द्वारा यात्री दिनभर के अपने कार्यों को निपटाने के बाद शाम को सीधे देश की राजधानी के लिए यात्रा कर सकेंगे. खासतौर पर व्यावसायिक, शासकीय और निजी कार्यों से यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह सेवा बेहद सुविधाजनक सफर साबित होगी. इसके साथ ही, शाम के समय उड़ान संचालन से एक महत्वपूर्ण तकनीकी लाभ भी मिलेगा. दरअसल दोपहर के उच्च तापमान के कारण विमानों पर लगने वाली ‘लोड पेनल्टी’ बंद हो जाएगा, और विमान अपनी पूर्ण क्षमता के साथ उड़ान भरने के लिए तैयार होगा. इससे अधिक यात्रियों को सीट उपलब्ध होगी. इस हवाई सेवा से बिलासपुर के साथ ही संभाग में आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी जिससे कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन और निवेश के अवसर बढ़ेंगे.

जनगणना ट्रेनिंग से लौट रहे शिक्षक की सड़क हादसे में मौत

रायगढ़. खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मदनपुर में एक तेज रफ्तार कार ने पहले तो जनगणना ट्रेनिंग से लौट रहे शिक्षक की स्कूटी को ठोकर मार दी, जिससे शिक्षक की मौके पर मौत हो गई. इसके बाद एक साइकिल सवार को भी अपनी चपेट में लेते हुए उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया.

कार चालक के खिलाफ पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध करते हुए मामले को विवेचना में लिया है. इस संबंध में ग्राम कटाईपाली (सी) निवासी करम सिंह कमलवंशी ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनका छोटा भाई हेमसागर कमलवंशी, जो कन्या आश्रम तेन्दुमुड़ी में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे, वह 20 अप्रैल को जनगणना प्रशिक्षण के लिए अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 13 एएस 4778 से मदनपुर हायर सेकेंडरी स्कूल गया था. शाम को ट्रेनिंग खत्म होने के बाद जब वह वापस अपने घर लौट रहा था, तभी मदनपुर मुख्य मार्ग पर बांसमुड़ा की ओर से आ रही कार क्रमांक सीजी 11 एएक्स 1187 के चालक ने कार को तेज और लापरवाही पूर्वक चलाते हुए हेमसागर की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण सड़क हादसे में शिक्षक हेमसागर की मौके पर ही मौत हो गई और उनकी स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इसके बाद भी यह कार वहीं नहीं रूकी, बल्कि घटना स्थल से आगे बढते हुए ग्राम ठुसेकेला

निवासी साइकिल सवार द्वारिका प्रसाद राठौर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी साइकिल भी टूट गई. घायल द्वारिका प्रसाद को तत्काल इलाज के लिए खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है. वहीं मृतक शिक्षक के शव को पीएम के लिए सिविल अस्पताल खरसिया भेज दिया गया है. जहां शव का पंचनामा करते हुए अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ धारा 281, 125 (ए) और 106 (1) के तहत मामला पंजीबद्ध करने के साथ ही आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

असामाजिक तत्वों ने लगाई आग, 100 एकड़ का पराली जलकर राख

देवरी-सारागांव. ग्राम पंचायत देवरी और सोनियापाठ के मध्य खेतों में असामाजिक तत्वों द्वारा पैरा (पराली) में आग लगा दी गई. यह घटना 20 अप्रैल की शाम लगभग 7 बजे की है. आग लगते ही तेजी से फैल गई और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. इस भीषण आगजनी में लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में फैली पराली जलकर राख हो गई.

इस घटना से खेतों में फैले पराली जो पशुओं के चारे के रूप में उपयोग होती है वह नष्ट हो गई. इससे गौ माताओं और अन्य पशुओं के लिए चारे की समस्या उत्पन्न होगी. साथ ही पराली जलाने से वातावरण में प्रदूषण फैलता है और मिट्टी की उर्वरता पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है. उल्लेखनीय है कि पराली जलाना कानूनन अपराध है, इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. भाजपा युवा मोर्चा सारागांव मंडल अध्यक्ष संजय साहू ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि 27 अप्रैल से “गौ माता सम्मान दिवस” मनाया जाएगा. इस अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकारों से भारतीय संस्कृति और राष्ट्रहित में गौ संरक्षण के लिए आवश्यक अनुसंधान और अनुदान की मांग की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि पराली जलाने से न केवल पशुओं के चारे की समस्या बढ़ती है, बल्कि अनेक जीव-जंतु भी प्रभावित होते हैं. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह के कृत्य करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

22 किलो गांजे के साथ नाबालिग सहित 3 गिरफ्तार

मुंगेली. गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपियों के कब्जे से 22.700 किलो गांजा, तस्करी में प्रयुक्त 1 स्कूटी एवं 2 मोबाइल जब्त किए गए. पुलिस ने तस्करों को गिरफ्तार कर गिरफ्तार कर भेजा गया. वहीं एक नाबालिग को न्यायिक अभिरक्षा में रखा गया.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों एवं मादक पदार्थ की अवैध बिक्री व तस्करी करने वालों के विरूद्ध ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में सायबर सेल एवं थाना सिटी कोतवाली की संयुक्त पुलिस टीम ने गांजा तस्करी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई की. दरअसल 20 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि, तीन व्यक्ति स्कूटी टीवीएस ज्यूपीटर सीजी 10 बीपी 7617 में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर बिलासपुर जरहागांव की ओर से गीधा बायपास मुंगेली की ओर आ रहे हैं. सूचना पर साइबर सेल एवं कोतवाली पुलिस की टीम ने गीधा बायपास तिराहा पर घेराबंदी कर उक्त स्कूटी को रोका गया, जिस पर नाबालिग सहित दो अन्य सवार थे. पूछताछ में चालक की पहचान शिवा पटेल व उसके साथी की पहचान आदित्य कर्माकर के रूप में हुई.

पुलिस ने युवकों की तलाशी ली, जिसमें संदेही शिवा पटेल के कब्जे से थैले में कुल 9.570 किलो मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ. साथ ही उसके कब्जे से एक ज्यूपीटर स्कूटी सीजी 10 बीपी 7617 व एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल जब्त किया गया. वहीं दूसरे संदेही आदित्य कर्माकर के कब्जे से बोरी में रखा 13.174 किलो गांजा सहित समसंग का मोबाइल बरामद किया गया. इस तरह आरोपियों के कब्जे से कुल 2 लाख 75 हजार का सामान बरामद किया गया. मनोवैज्ञानिक एवं तथ्यात्मक पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. इस पर आरोपी शिवा पटेल पिता बहोरन पटेल उम्र 21 वर्ष, आदित्य कर्माकर पिता परमेश्वर कर्माकर उम्र 20 वर्ष दोनों निवासी ग्राम सेमरचुवा थाना जरहागांव को गिरफ्तार कर यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया. वहीं विधि से संघर्षरत बालक की सामाजिक पृष्ठभूमि भरकर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया.