Bilaspur News Update : बिलासपुर. शेयर ट्रेडिंग में 10 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर दो लोगों से 96 लाख रूपए की ठगी की गई है. मामले में ठगी को अंजाम देने वाले भी पति पत्नी हैं. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है. मामला सिविल लाइन थाने का है. जानकारी के अनुसार सरकंडा बुधिया एनक्लेव निवासी शिल्पा श्रीवास्तव पति पीएस श्रीवास्तव की किटी पार्टी के दौरान सोनाली सरकार से जान पहचान वर्ष 2024 में हुई. सोनाली सरकार पति अभिजीत सरकार मुंगेली नाका अनिल टाह गली स्थित लेबनान कोड की संचालिका है और शुभम विहार आकाश मार्ग श्याम परिसर में रहती हैं. सोनाली ने श्रीवास्तव दंपती को स्टॉक ट्रेडिंग एंड इन्वेस्टमेंट कंपनी में पैसा लगाने पर प्रतिमाह 10 प्रतिशत मुनाफे का झांसा दिया. श्रीवास्तव दंपती ने लालच में आकर 2024 से 2025 तक 91 लाख रुपए कंपनी में ऑनलाइन और नकद के माध्यम से दिया. शुरूआती महीनों में इसका फायदा भी उन्हें हुआ और लालच के चलते मुनाफे की रकम भी कंपनी में ही लगाते रहे. कुछ महीनों बार 10 फीसदी का मुनाफा आना बंद होने पर श्रीवास्तव दंपती ने पतासाजी शुरू की और सोनाली व उसके पति अभिजीत सरकार के कार्यालय पहुंचे. जहां उनकी मुलाकात नहीं हो सकी. खास बात यह है कि श्रीमती श्रीवास्तव ने अपना घर व सोने के जेवर लोन में रखकर पैसा ट्रेडिंग कंपनी में पैसा लगाया है. इसी तरह अमरैया चौक कृष्णा पैलेस निवासी अनुराग सिंह पिता सुमन सिंह ने लालच में आकर सरकार की कंपनी में 5 लाख रूपए जमा किया था. बताया जा रहा है कि ट्रेडिंग कंपनी में मोटी रकम का लालच देकर कई लोगों से ठगी की गई है, थाने में लगातार पीड़ितों की शिकायत की संख्या बढ़ रही है. पुलिस ने शिल्पी श्रीवास्तव की रिपोर्ट पर सोनाली सरकार व उसके पति अभिजीत सरकार के खिलाफ धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज कर लिया.

एयू के प्रभारी कुलसचिव के साथ मारपीट (Bilaspur News Update)

बिलासपुर. सड़क पर पासिंग को लेकर फार्च्यूनर चालक और एयू के प्रभारी कुलसचिव आपस में भीड़ गए. देखते ही देखते फार्च्यूनर सवार ने कुल सचिव से मारपीट कर दी. कुलसचिव की रिपोर्ट पर तोरवा पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है. एयू के कुलसचिव तारनीश गौतम पिता कमल प्रसाद गौतम गुरूवार की सुबह 9.15 मिनट पर अपने घर से विश्वविद्यालय जाने निकले थे, वे अपनी कार क्रमांक सीजी 10 एएस 8613 को स्वयं ही चला रहे थे. तोरवा स्थित स्वास्तिक हास्पिटल के पास पहुंचे थे कि हार्न के साथ ओवर टेक करने की कोशिश कर रहे थे कि अचानक सफेद रंग की फार्च्यूनर क्रमांक सीजी 10 एटी 0017 उनके सामने आ जाती है. फार्च्यूनर सवार ने उनके साथ मारपीट कर दी, कार सवार दो व्यक्तियों ने जान से मारने की धमकी दी. कुलसचिव की शिकायत पर तोरवा पुलिस ने जुर्म दर्ज किया है, आरोपियों की तलाश जारी है. देर रात तक आरोपी पकड़े नहीं गए थे.

छत्तीसगढ़ी भाषा को जनगणना में शामिल करने निकाली रैली

कोरबा. छत्तीसगढ़ी भाषा को जनगणना में शामिल करने और संविधान की 8वीं अनुसूची में स्थान दिलाने की मांग को लेकर कोरबा में व्यापक विरोध दर्ज किया गया. जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना के संयुक्त बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर कलेक्टर को भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा. संगठनों की मुख्य मांग है कि आगामी 2026-27 की जनगणना में छत्तीसगढ़ी भाषा को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए. उनका कहना है कि यह केवल एक भाषा नहीं बल्कि प्रदेश की अस्मिता और पहचान से जुड़ा विषय है.

ज्ञापन के दौरान पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि स्व-जनगणना पोर्टल में अन्य भाषाओं को स्थान दिया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ की प्रमुख भाषा छत्तीसगढ़ी को नजरअंदाज किया गया है. उन्होंने इसे प्रदेशवासियों की भावनाओं के साथ अन्याय बताया. संगठनों ने स्पष्ट किया कि यदि जनगणना 2026-27 में छत्तीसगढ़ी भाषा को शामिल नहीं किया गया, तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा. यहां तक कि जनगणना के बहिष्कार की भी चेतावनी दी गई है. उन्होंने कहा कि यह अब केवल मांग नहीं, बल्कि हमर भासा-हमर पहिचान की लड़ाई बन चुकी है. कार्यक्रम में सुरजीत सोनी और जैनेन्द्र कुरें सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने एकजुट होकर छत्तीसगढ़ी भाषा के सम्मान और अधिकार के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही. ज्ञापन की प्रतिलिपि संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भी भेजी गई है. अब देखना होगा कि सरकार इस मांग पर क्या निर्णय लेती है क्योंकि आने वाले समय में यह मुद्दा और भी व्यापक रूप ले सकता है.

सूने घर में चोरी (Bilaspur News Update)

रायगढ़. धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसारए पतरापारा निवासी 50 वर्षीय मनोज शर्मा अपने परिवार के साथ 14 अप्रैल को अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए मुंबई गए हुए थे. इसी दौरान 20 अप्रैल को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच अज्ञात व्यक्तियों ने उनके घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. चोरों ने घर के पूजा कक्ष में रखे करीब 30 हजार रुपये नगद, बुटीक से लगभग 25 हजार का सामान और पूजा घर से चांदी की कटोरी, गिलास सहित अन्य कीमती वस्तुएं चोरी कर लीं. घर लौटने पर जब घर के हालात देखे तो पैरों तले जमीन खिसक गई. मनोज शर्मा ने धरमजयगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास के लोगों से पूछताछ और संदिग्धों की तलाश जारी है.