DC vs PBKS IPL 2026: आईपीएल में आज डबल हेडर खेला जा रहा है। दिन के पहले और सीजन के 35वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) और पंजाब किंग्स (PBKS) की टीमें आमने-सामने होंगी। मौजूदा सीजन में PBKS एकलौती ऐसी टीम है जो अब तक अजेय है। टीम ने अब तक खेले गए 6 मैचों में से 5 में जीत दर्ज की है, जबकि एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। पॉइंट्स टेबल में PBKS 11 अंकों के साथ टॉप पर है।

दूसरी तरफ DC ने अब तक मिला-जुला प्रदर्शन किया है। टीम ने 6 मैचों में 3 जीत और 3 हार के साथ 6 अंक हासिल किए हैं और छठे स्थान पर है। ऐसे में दिल्ली की नजरें पंजाब का विजयरथ रोककर पॉइंट्स टेबल में टॉप-4 की ओर बढ़ने पर होंगी।
बता दें कि DC और PBKS के बीच यह मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में आज दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले 3 बजे होगा। मैच से पहले आइए हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग 11 और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स पर नजर डालते हैं।
अरुण जेटली स्टेडियम पिच रिपोर्ट

दिल्ली के इस मैदान की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। सपाट सतह और छोटी बाउंड्री के कारण यहां रन बनाना आसान होता है, जिससे अक्सर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। आज का मैच पिच नंबर 6 पर खेला जाएगा, जहां एक बार फिर बल्लेबाजों के हावी रहने की उम्मीद है।
इस सीजन यहां अब तक दो मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें DC ने एक मैच सफलतापूर्वक चेज किया, जबकि गुजरात के खिलाफ टीम को करीबी मुकाबले में एक रन से हार झेलनी पड़ी। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी का विकल्प चुन सकती है।

आईपीएल इतिहास की बात करें तो इस मैदान पर अब तक 98 मैच खेले गए हैं, जिनमें 48 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है, जबकि 50 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है। एक मुकाबला रद्द भी हुआ है। टॉस जीतने वाली टीम ने 50 मैच जीते हैं, जबकि टॉस हारने वाली टीम को 48 बार जीत मिली है। इस मैदान पर सर्वोच्च स्कोर 278/3 रहा है, जबकि न्यूनतम स्कोर 66 रन है। वहीं, पहली पारी का औसत स्कोर करीब 170 रन के आसपास रहता है, जो इस पिच के बल्लेबाजी के लिए अनुकूल होने को दर्शाता है।
DC बनाम PBKS हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी ?

DC और PBKS के बीच हमेशा कड़ी टक्कर देखने को मिली है। दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मैच खेले गए हैं, जिसमें दिल्ली ने 16 और पंजाब ने 17 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच टाई रहा है। पिछले सीजन में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने बाजी मारी थी।
DC का मिडिल ऑर्डर दबाव में, PBKS इस सीजन की सबसे संतुलित टीम

DC का मिडिल ऑर्डर इस समय दबाव में नजर आ रहा है। टीम की बल्लेबाजी लगातार स्थिर प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। केएल राहुल, डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स ने योगदान दिया है, लेकिन ओपनर पाथुम निसांका अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहे हैं। इससे मध्यक्रम पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है। कप्तान अक्षर पटेल को बल्ले और रणनीति दोनों में अधिक जिम्मेदारी निभानी होगी। पिछले मैच में उनके कुछ फैसलों खासकर गेंदबाजी बदलाव पर सवाल उठे थे, जबकि खराब फील्डिंग भी टीम के लिए नुकसानदेह साबित हुई।

वहीं PBKS इस सीजन की सबसे संतुलित टीम के रूप में उभरी है। टीम की बल्लेबाजी गहरी और आक्रामक है, जहां प्रभसिमरन सिंह और कप्तान श्रेयस अय्यर शानदार फॉर्म में हैं, जबकि कूपर कोनोली ने भी अहम योगदान दिया है। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल और मार्को यानसन समेत कई विकल्प लगातार विकेट दिला रहे हैं।
अंकतालिका में पंजाब शीर्ष पर बनी हुई है और अब तक अजेय है, जबकि दिल्ली छठे स्थान पर है और पिछली हार के बाद वापसी की तलाश में है। इस मुकाबले में दिल्ली को जीत के लिए हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
DC और PBKS की संभावित प्लेइंग 11

दिल्ली कैपिटल्स (DC)
पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश राणा, समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी. नटराजन
पंजाब किंग्स (PBKS)
प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वधेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोयनिस, मार्को यानसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल
कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार Star Sports नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण दोपहर 3:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

