Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के मुहाना इलाके में शुक्रवार दोपहर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब घर आंगन अपार्टमेंट की छठी मंजिल आग के गोलों में तब्दील हो गई। दोपहर करीब 2:15 बजे एक फ्लैट से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पड़ोस के दो और फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया।

पूरे अपार्टमेंट में काला धुआं भर गया, जिससे लोग अपनी बालकनी में आकर मदद के लिए चिल्लाने लगे। मौके पर पहुंची मुहाना पुलिस ने किसी फिल्मी हीरो की तरह अपनी जान पर खेलकर करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

धुएं से भर गई सीढ़ियां, थमने लगीं सांसें

मुहाना एसएचओ गुर भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि आग लगते ही अपार्टमेंट की बिजली वायरिंग जल गई, जिससे लिफ्ट बंद हो गई और चारों तरफ अंधेरा छा गया। लोग सीढ़ियों के जरिए नीचे भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन धुएं का गुबार इतना घना था कि वहां खड़े होना भी नामुमकिन था। जब पुलिस की टीम अंदर दाखिल हुई, तो नजारा डरावना था। छठी से दूसरी मंजिल तक लोग फंसे हुए थे और दम घुटने के कारण बेहाल थे।

कंधे पर लेकर भागा सिंघम हेड-कॉन्स्टेबल

रेस्क्यू के दौरान एक ऐसा मंजर दिखा जिसने सबका दिल जीत लिया। सीढ़ियों के पास एक युवक धुएं की चपेट में आने से बेहोश होकर गिर पड़ा था। पुलिस टीम में शामिल हेड कॉन्स्टेबल कान सिंह ने एक पल की भी देरी नहीं की। उन्होंने बेहोश युवक को अपने कंधे पर उठाया और दौड़ते हुए उसे अपार्टमेंट से बाहर सुरक्षित जगह पर लेकर आए। बाहर लाने के करीब 10 मिनट बाद युवक को होश आया, जिसे तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। इलाके के लोग कान सिंह के इस साहस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

20 मिनट का डेथ वॉच, राख हुआ फ्लैट

दमकल विभाग की गाड़ी और पुलिस की टीम ने मिलकर करीब 20 मिनट तक आग से सीधी जंग लड़ी। बिजली सप्लाई बंद करने के बाद पानी की बौछारें शुरू की गईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू में तो कर लिया गया, लेकिन तब तक एक फ्लैट पूरी तरह राख हो चुका था और दो अन्य फ्लैटों को भी भारी नुकसान पहुंचा। पुलिस अब आग लगने के असली कारणों की जांच कर रही है।

पढ़ें ये खबरें