Jaipur News: राजस्थान में नगर निगम चुनावों की सुगबुगाहट के बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने अपनी फाइनल सर्जिकल स्ट्राइक कर दी है। जयपुर शहर की सरकार चुनने के लिए अंतिम मतदाता सूची (Final Voter List) प्रकाशित हो गई है।

अगर आज चुनाव होते हैं, तो जयपुर के 150 वार्डों में कुल 24 लाख 18 हजार 272 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। राजधानी की गलियों में अब चर्चा इस बात की है कि आखिर किसका नाम कटा और किसका जुड़ा, क्योंकि इस बार आयोग ने लिस्ट को पूरी तरह फिल्टर कर दिया है।
महिलाओं और पुरुषों की जबरदस्त भागीदारी
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में लोकतंत्र का गणित काफी दिलचस्प दिख रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बार 12 लाख 56 हजार 325 पुरुष और 11 लाख 61 हजार 856 महिला मतदाता मैदान में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। सिर्फ इतना ही नहीं, 91 ट्रांसजेंडर मतदाता भी इस बार अपनी पसंद की सरकार चुनने के लिए तैयार हैं। ग्राउंड रिपोर्ट बताती है कि इस बार महिला वोटर्स की साइलेंट वोटिंग प्रत्याशियों के समीकरण बिगाड़ सकती है।
वार्ड 26 में महाकुंभ तो वार्ड 93 में सन्नाटा
वोटर लिस्ट के विश्लेषण में एक चौंकाने वाला अंतर सामने आया है। जयपुर का वार्ड संख्या 26 इस बार सबसे भारी पड़ने वाला है, यहां सबसे ज्यादा 30,103 मतदाता हैं। वहीं, वार्ड संख्या 93 में सबसे कम केवल 4,810 वोटर्स रह गए हैं। शहर के 29 वार्ड ऐसे हैं जहाँ मतदाताओं का आंकड़ा 20 हजार के पार है, जबकि 8 वार्ड (जैसे 30, 31, 102, 121 आदि) ऐसे हैं जहां संख्या 10 हजार से भी कम है। यानी कहीं जीत का अंतर हजारों में होगा, तो कहीं चंद वोटों से किस्मत पलट जाएगी।
लिस्ट से गायब हुए 3 लाख से ज्यादा नाम
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पूरे प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में करीब 3% की कमी आई है। निर्वाचन आयोग ने आपत्तियों के निस्तारण के बाद 1.13 करोड़ के ड्राफ्ट को समेटकर अब 1.10 करोड़ कर दिया है। संशोधन के दौरान पूरे राजस्थान में जहाँ 2.27 लाख नए नाम जुड़े, वहीं करीब 5.49 लाख फर्जी या दोहरे नाम हटा दिए गए हैं। कुल मिलाकर 3,22,037 नाम लिस्ट से साफ हो गए हैं, जिससे चुनावी मुकाबले अब और भी सटीक और कड़े होने की उम्मीद है।
पढ़ें ये खबरें
- CG News : नेशनल हाईवे पर पलटी बस, 40 यात्री थे सवार, दो की हालत गंभीर
- जुआ फड़ मामले में बड़ा एक्शन: IG के निर्देश पर SI समेत 3 पुलिसकर्मी पर गिरी गाज, अलग-अलग जिलों में किया गया ट्रांसफर, विभाग में हड़कंप
- रिहायशी इलाके में जानवरों की चर्बी और खाल का अवैध धंधा बेनकाब, मुख्य आरोपी अनवर कुरैशी सलाखों के पीछे
- हरियाणा कॉलेज एडमिशन का पूरा शेड्यूल जारी, 7 मई से शुरू होंगे आवेदन जानें मेरिट लिस्ट और फीस की महत्वपूर्ण तारीखें
- सावधान! बाल विवाह की जानकारी छिपाना अब पड़ेगा भारी, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गुप्त
