कुंदन कुमार, पटना। जदयू कार्यालय में आज रविवार (26 अप्रैल) को दानवीर भामाशाह की जयंती पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद और पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार भी जदयू कार्यालय पहुंचे और कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर दोनों उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव भी मौजूद रहे।

इस्तीफे के बाद पहली बार पहुंचे कार्यालय

बता दें कि मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद यह पहला मौका है, जब नीतीश कुमार पार्टी कार्यालय पहुंचे हैं। नीतीश कुमार के कार्यालय पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में अच्छा खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने नीतीश कुमार का स्वागत किया। इस मौके पर दोनों डिप्टी सीएम के अलावा लेशी सिंह, अशोक चौधरी, श्रवण कुमार समेत अन्य नेता मौजूद रहें। खास बात यह रही कि इस कार्यक्रम में निशांत कुमार कहीं भी नजर नहीं आए।

नीतीश के आने से कार्यकर्ताओं में उत्साह

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ आज भामाशाह के जयंती समारोह के मौके पर शामिल होने का मौका मिला। आज पार्टी के व्यावसायिक प्रकोष्ठ के द्वारा यह कार्यक्रम रखा गया था। इसमें भाग लेने आए थे और उसी में अभी वो कार्यक्रम में भाग लेने के बाद दूसरी व्यस्तता थी। इसलिए वो दूसरे कार्यक्रम में चले गए।उन्होंने कहा कि, पहले भी शुरूआती दौर से ऐसे कार्यक्रम में नीतीश कुमार आते रहे हैं। आज भी पहुंचे थे। इससे कार्यकर्ताओं का भी ऊर्जा वर्धन होता है। आज भी कार्यकर्ता काफी उत्साह में दिखे। समय-समय पर हमारे नेता नीतीश अब जदयू कार्यालय आते रहेंगे।

जानें कौन थे भामाशाह?

बता दें कि भामाशाह महाराणा प्रताप के अनन्य मित्र और विश्वासपात्र सलाहकार थे, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपनी पूरी संपत्ति महाराणा प्रताप को दान कर दी थी, जिससे मेवाड़ की सेना को फिर से संगठित किया जा सका। इसलिए उन्हें दानवीर भामाशाह भी कहा जाता है। बता दें कि जदयू कार्यालय में लंबे समय से दानवीर भामाशाह की जयंती पर उनके सम्मान में इस तरह के समारोह का आयोजन किया जाता रहा है।

2 बजे होगी जिलाध्यक्षों की बैठक

जदयू कार्यालय में आज दोपहर 2 बजे पार्टी के जिलाध्यक्षों की एक अहम बैठक भी बुलाई गई है। इस बैठक में निशांत कुमार मुख्य रूप से शामिल होंगे और सभी जिलों के अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान वे पार्टी की आगामी रणनीति और भविष्य में होने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। साथ ही हर जिले में सगंठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने को लेकर भी चर्चा की जाएगी। इस बैठक में निशांत के अलावा कई और बड़े नेताओं के मौजूद रहने की संभावना है। बैठक में निशांत कुमार के आगामी बिहार यात्रा को लेकर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- बिहार में पुलिस और अपराधियों के बीच फिर हुई मुठभेड़, 50 हजार के इनामी बदमाश को लगी गोली