Rajasthan Weather Update: राजस्थान में इस वक्त सूरज आग उगल रहा है और गर्मी ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मरुधरा के बाड़मेर में रविवार को पारा 46.4 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है, जिसने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने बाहर निकलना दूभर कर दिया है। फलोदी, जैसलमेर और जालौर जैसे इलाकों में भी गर्मी का वही हाल है, जहां तापमान 45 डिग्री के ऊपर बना हुआ है।

अगले 48 घंटे भारी, इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने साफ कर दिया है कि अगले 24 से 48 घंटे राजस्थान के लिए बेहद भारी रहने वाले हैं। नागौर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर और अजमेर समेत कई जिलों में भीषण हीटवेव को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रशासन ने भी कमर कस ली है और लोगों को हिदायत दी है कि दोपहर 12 से शाम 4 बजे के बीच बिना काम घर से बाहर न निकलें।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम का मिजाज
तपती धूप और झुलसाने वाली लू के बीच अब राहत की खबर भी सामने आ रही है। मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली ठंडी पूर्वी हवाएं भी राजस्थान का रुख कर रही हैं। इस दोहरे सिस्टम की वजह से अगले 3-4 दिनों में मौसम में बड़ा उलटफेर देखने को मिलेगा।
आंधी और बारिश की चेतावनी, गिरेगा पारा
आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को आंधी और हल्की बारिश का अहसास होगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि कुछ जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलेगी। चूरू, झुंझुनू और सीकर जैसे शेखावाटी इलाकों में बादलों की गर्जना के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इस बदलाव से तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को भीषण लू से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।
पढ़ें ये खबरें
- भीषण गर्मी में फिट रहना है काफी चुनौती, अपनाएं ये स्मार्ट वर्कआउट टिप्स …
- पंजाब में ED की बड़ी रेड: पूर्व DIG हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े 11 ठिकानों पर छापेमारी, मचा हड़कंप
- बिहार में डबल मर्डर से फैली सनसनी: अर्धनग्न हालत में मिली महिला की लाश, युवक की गोली मारकर हत्या
- BREAKING: पूर्व विधायक के पुत्र ने लगाई फांसी, आत्महत्या के पीछे घरेलू विवाद की आशंका…
- Hisar Suicide Case: फंदा लगाने से ठीक पहले पेंटर ने बनाया वीडियो, पत्नी की प्रताड़ना का खुलासा कर मौत को लगाया गले

