Rajasthan News: गुलाबी नगरी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके राजस्थान विधानसभा में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सिरफिरे का ई-मेल विभाग के इनबॉक्स में टपका। मेल में साफ लिखा था यह कोई मजाक नहीं है, दोपहर 12 बजे विधानसभा में 5 सिलिकॉन RDX बम फटने वाले हैं। जितने भी VIPs हैं, उन्हें तुरंत बाहर निकाल लें। इस एक मेल ने राजस्थान पुलिस की नींद उड़ा दी है। आनन-फानन में विधानसभा के गेट बंद कर दिए गए और कर्मचारियों को सुरक्षा के लिहाज से बाहर ही रोक दिया गया है।

बम निरोधक दस्ते की एंट्री, चप्पे-चप्पे पर तलाशी

धमकी मिलते ही जयपुर पुलिस के आला अधिकारी, बम निरोधक दस्ता (BDDS), डॉग स्क्वायड और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां विधानसभा परिसर पहुंच गई। चप्पे-चप्पे को खंगाला गया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आज भाजपा के बड़े नेता नितिन नवीन का भी दौरा प्रस्तावित है, ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहतीं। विधानसभा के गलियारों से लेकर बगीचों तक की गहन तलाशी ली जा रही है। हालांकि, पुलिस को अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन विधानसभा के बाहर तैनात जवानों ने मोर्चा संभाल लिया। हालांकि 3 घंटे से भी ज्यादा समय तक चली इस जांच में कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

ISI और LTTE का कनेक्शन?

हैरानी की बात यह है कि एक महीने के अंदर यह तीसरी बार है जब लोकतंत्र के इस मंदिर को उड़ाने की धमकी मिली है। इससे पहले 24 अप्रैल को आए मेल ने सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ा दिए थे। उस मेल में दावा किया गया था कि पाकिस्तान की ISI और LTTE द्वारा प्रशिक्षित हमलावर ‘बेल्ट बम’ पहनकर हमला करेंगे। मेल में राजीव गांधी हत्याकांड जैसे सुसाइड अटैक का जिक्र कर दहशत फैलाने की कोशिश की गई थी।

पूर्व सीएम गहलोत ने घेरा, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

इस बार-बार मिल रही धमकी पर अब सियासत भी गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला है। गहलोत ने कहा कि जब हाई कोर्ट, स्टेडियम और अब विधानसभा जैसी सुरक्षित जगहों को बार-बार धमकियां मिल रही हैं, तो पुलिस क्या कर रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि तकनीक के इस दौर में भी पुलिस यह पता नहीं लगा पा रही है कि आखिर ये मेल भेज कौन रहा है। राजधानी के ज्योति नगर इलाके में इस वक्त भारी पुलिस जाब्ता तैनात है और आम जनता की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

पढ़ें ये खबरें