Nitin Navin Jaipur Visit: राजस्थान की सियासत में आज का दिन बेहद खास रहा। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश के दौरे पर रहते हुए एक साथ कई जिलों को बड़ी सौगात दी है। टोंक, बाड़मेर, पाली और डूंगरपुर समेत कई जिलों में अब बीजेपी के अपने आलीशान दफ्तर होंगे। नितिन नवीन ने न सिर्फ इन कार्यालयों का उद्घाटन किया, बल्कि कार्यकर्ताओं में वो जोश भरा है जिससे कांग्रेस की नींद उड़नी तय मानी जा रही है।

दाल-बाटी चूरमा और पुराने दिनों की याद

टोंक में कार्यकर्ताओं के हुजूम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन भावुक नजर आए। उन्होंने अपने युवा मोर्चा के दिनों को याद करते हुए कहा, जब मैं 2006 में पहली बार विधायक बना था, तब राजस्थान आया था। यहां के दाल-बाटी चूरमा और राजस्थानी सूरमा के नारों की गूंज आज भी मेरे कानों में है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के लोगों का संघर्ष और समर्पण ही है जिसने दो सांसदों वाली पार्टी को आज 21 राज्यों की सत्ता तक पहुंचाया है। सूत्रों की मानें तो नवीन के इस दौरे से जिला स्तर पर संगठन को और मजबूती मिलेगी।

कार्यकर्ताओं को लंबी रेस का मंत्र

मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने साफ लफ्जों में कहा कि राजनीति कोई 100 मीटर की फर्राटा दौड़ नहीं है, बल्कि यह एक मैराथन है। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि पार्टी में शॉर्टकट अपनाने वालों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, हमें सिर्फ दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी ही नहीं, बल्कि सबसे लोकप्रिय पार्टी बनना है। इस दौरान उन्होंने अटूट समर्पण के साथ काम करने का संकल्प दिलाया।

अब टूटेगा 5-5 साल वाला रिवाज

कार्यक्रम में मौजूद राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंच से बड़ा धमाका किया। उन्होंने कहा कि अब राजस्थान में 5 साल कांग्रेस और 5 साल बीजेपी वाला मिथक टूटने वाला है। राठौड़ यहीं नहीं रुके, उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेताओं जैसे शशि थरूर, आनंद शर्मा और मनीष तिवारी का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस में अच्छे लोगों की बात नहीं सुनी जाती। उन्होंने इशारों-इशारों में कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं को बीजेपी के पाले में आने का न्योता दे दिया।

कर्नल राज्यवर्धन का ग्राउंड पर कमांडो एक्शन

जयपुर एयरपोर्ट से लेकर पार्टी मुख्यालय तक स्वागत की कमान खुद कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने संभाल रखी थी। मिली जानकारी के मुताबिक, कर्नल राज्यवर्धन ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया।

सीएम भजनलाल ने थपथपाई पीठ

मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भी नितिन नवीन के अनुभव की जमकर तारीफ की। सीएम ने कहा, नितिन जी ने जो मुकाम हासिल किया, वो मिसाल है। हमारी डबल इंजन की सरकार युवाओं को रोजगार और नौकरी देने के लिए दिन-रात काम कर रही है। उन्होंने जालोर जिला कार्यालय के शिलान्यास को प्रदेश के विकास में एक और मील का पत्थर बताया।

इन दफ्तरों का हुआ उद्घाटन

  • टोंक और बाड़मेर
  • पाली और चूरू
  • प्रतापगढ़ और डूंगरपुर
  • बूंदी और जालोर (शिलान्यास)

पढ़ें ये खबरें