जयपुर। Rajasthan Congress में सब कुछ ठीक है का दावा करने वाले प्रदेश नेतृत्व की रातों की नींद उड़ी हुई है। राज्य में भले ही संगठन बढ़ाओ लोकतंत्र बचाओ अभियान चल रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि पार्टी के भीतर गुटबाजी का दीमक संगठन को खोखला कर रहा है। प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के सामने ही नेता एक-दूसरे पर कीचड़ उछाल रहे हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि अगर यही हाल रहा, तो आगामी निकाय और पंचायत चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होना तय है।

पुरानी अदावत ने फिर पकड़ा जोर
सबसे बड़ी टेंशन तो टॉप लीडरशिप को लेकर है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच की खाई भरने का नाम नहीं ले रही। गहलोत आए दिन मानेसर कांड का जिक्र कर पुराने जख्मों को कुरेद रहे हैं। हाल ही में गहलोत ने तंज कसते हुए कहा कि पायलट की दोनों टांगें कांग्रेस में हैं, जिसने दिल्ली तक हलचल मचा दी है। सूत्र बताते हैं कि गहलोत के इन तीखे हमलों से पायलट खेमा अंदर ही अंदर सुलग रहा है।
इन जिलों में तो आर-पार की जंग
- कोटा: यहां शांति धारीवाल और प्रहलाद गुंजल के समर्थकों के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई है। कोटा कांग्रेस पूरी तरह दो हिस्सों में बंटी नजर आती है।
- बीकानेर: पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल और डूडी गुट आमने-सामने हैं। मेघवाल ने तो डूडी गुट को भाजपा की ‘B टीम’ तक करार दे दिया है।
- बाड़मेर: यहां हरीश चौधरी, अमीन खान और मेवाराम जैन के बीच वर्चस्व की लड़ाई है। डोटासरा के सामने ही मेवाराम ने जिलाध्यक्ष पर सवाल खड़े कर दिए।
- झुंझुनू: ओला परिवार और राजकुमार शर्मा के बीच की रार किसी से छिपी नहीं है। जिलाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद यहां असंतोष और बढ़ गया है।
क्या कहते हैं जानकार?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जब तक टॉप लीडरशिप एकजुटता का संदेश नहीं देगी, तब तक कार्यकर्ताओं में जोश भरना नामुमकिन है। कांग्रेस प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी इसे आंतरिक लोकतंत्र बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि अनुशासन का डंडा कहीं नजर नहीं आ रहा। चुनाव सिर पर हैं और कांग्रेस अपनों से ही लड़ने में व्यस्त है।
पढ़ें ये खबरें
- स्टेडियम के पास भीषण आग, 15 फीट तक उठीं लपटें, इलाके में मची अफरा-तफरी, देखें Video…
- कार्यालय से सदन तक! जानिए कौन हैं अरविंद शर्मा, जिन्हें भाजपा ने बनाया अपना एमएलसी उम्मीदवार
- बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व: हरिद्वार में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, नया ट्रैफिक प्लॉन लागू
- UAE ने किया OPEC और OPEC+ से बाहर निकलने का ऐलान
- PBKS vs RR IPL 2026: पंजाब ने राजस्थान को 223 रन का दिया टारगेट, प्रभसिमरन-स्टोइनिस ने खेली अर्धशतकीय पारी; यशराज ने झटके 2 विकेट

