सोनू वर्मा, नूंह। नूंह जिले के बझेड़ा गांव के जंगलों में स्थित एक पुराने कुएं से 26 वर्षीय हसीना का शव पत्थर से बंधा मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह मामला अब एक साधारण मौत नहीं, बल्कि गहरी साजिश और कई अनसुलझे सवालों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
राहगीरों की नजर जैसे ही कुएं में पड़ी, इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। लेकिन शव के साथ पत्थर बंधा होना इस घटना को और ज्यादा संदिग्ध बना गया।

मृतका के परिजनों ने रफीक नामक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि करीब पांच साल पहले जबरन कोर्ट मैरिज कर हसीना की जिंदगी को नरक बना दिया गया था। परिजनों ने आरोपी के आपराधिक प्रवृत्ति का होने और लगातार धमकियां देने की बात भी कही है।
सबसे बड़ा सवाल तब खड़ा हुआ जब यह सामने आया कि 18 तारीख को खुद हसीना के पति ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 24 तारीख को केस दर्ज हुआ और करीब 10 दिन बाद हसीना का शव उसी इलाके के कुएं में पत्थर से बंधा मिला। ऐसे में यह मामला महज इत्तेफाक नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश की ओर इशारा कर रहा है।
बझेड़ा रोड का यह कुआं अब ‘जुर्म का कुआं’ बनता नजर आ रहा है। शव निकालने के दौरान इसी कुएं से दो मोटरसाइकिलों के चेसिस भी बरामद हुए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि अगर कुएं की गहराई से जांच की जाए तो और भी चौंकाने वाले राज सामने आ सकते हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है, जबकि मृतका के परिजन इंसाफ की मांग कर रहे हैं।

सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर परवीन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।
- AAP से BJP में गए सांसदों पर भड़के दिग्विजय, कहा- सत्यानाश हो जाएगा, महिला आरक्षण बिल को कहा छलावा
- समस्तीपुर में कांग्रेस की डिजिटल दस्तक, संगठन सृजन साथी ऐप लॉन्च, 15 मई तक करे अप्लाई
- गर्मी में पानी की किल्लत से राहत देगा ग्रे-वॉटर प्लांट, 46 गांवों में नदियों और तालाबों पर बनेंगे सिस्टम
- अखिलेश के बाद BJP एक्टिव! डिप्टी CM केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक ने पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल का जाना हाल
- MP TOP NEWS TODAY: एमपी में 28 अप्रैल को क्या कुछ रहा खास? एक क्लिक में पढ़ें आज की सभी बड़ी खबरें

