Siwan Encounter: बिहार के सीवान में अपराधियों ने पूर्व MLC और बीजेपी नेता मनोज सिंह के भांजे की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, इस गोलीबारी की घटना में उनके बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के संदर्भ में बताया जा रहा है कि रोड रेज की घटना को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी ने हिसंक रूप ले लिया। इस दौरान कल बुधवार की शाम 7 बजे के करीब नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास अपराधियों ने दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

कार में टक्कर लगने को लेकर विवाद

मिली जानकारी के मुताबिक बीजेपी नेता के बहनोई चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष के साथ अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर किसी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार उनकी कार से हल्की टक्कर हो गई। इसी बात को लेकर पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। धीरे-धीरे कहासुनी बहस में बदल गई और देखते ही देखते बदमाशों ने चंदन सिंह और हर्ष पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। इस घटना में जहां, गोली लगने से हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चंदन सिंह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

बेटे की मौत, पिता गंभीर रूप से घायल

गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी वहां से नौ दो ग्यारह हो गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने हर्ष को मृत बताया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चंदन सिंह का अस्पताल में इलाज जारी है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी का किया हाफ एनकाउंटर

वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने वाले अपराधी को कुछ ही घंटों में ढूंढ निकाला। पुलिस जब आज गुरुवार की सुबह 3 बजे के करीब उसकी गिरफ्तारी करने के लिए पहुंची तो उसने भागने के प्रयास में पुलिस पर फायरिंग की। इस दौरान पुलिस की ओर से हुई जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी, जिससे घायल होकर वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार करते हुए अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया।

छानबीन में जुटी पुलिस

मुठभेड़ में घायल और घटना को अंजाम देने वाले अपराधी की पहचान छोटू कुमार यादव के रूप में हुई है, जो हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव का निवासी है। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- मार दिया तो मार दिया… मांझी के बयान पर भड़के तेजस्वी, सत्ताधारियों को बताया संवेदनहीन