Rajasthan News: राजस्थान के भिवाड़ी में गुरुवार की सुबह मौत बनकर आई। साथलका गांव की बिल्लू कॉलोनी में एक जोरदार धमाके ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर फट गया, जिससे न केवल मकान ढह गया बल्कि घर में मौजूद 5 मासूम बच्चों समेत कुल 7 लोग आग की लपटों में घिर गए। धमाका इतना भयानक था कि आसपास के घरों की दीवारें तक कांप गईं।

नाश्ते की तैयारी और अचानक फैला मातम
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, घर में सुबह-सुबह चूल्हा जलाया ही गया था कि तभी रिसाव की वजह से गैस ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते सिलेंडर बम की तरह फट गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि धमाके के बाद सिर्फ धुआं और मलबे का ढेर नजर आ रहा था। घर की छत का एक हिस्सा गिर गया और अंदर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। स्थानीय युवकों ने अपनी जान पर खेलकर मलबे को हटाया और झुलसे हुए लोगों को बाहर निकाला।
मासूमों की हालत नाजुक, अस्पताल में मची अफरातफरी
इस हादसे ने राम सिंह के हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया है। घायलों को देखकर अस्पताल में भी हर कोई सिहर उठा। इस हादसे में राम सिंह (35 वर्ष) और उनकी पत्नी ममता, काजल (15), भुवेश (12), किशनवती (12), पंकज (8) और छगन (6) घायल हुए हैं।
डॉक्टरों के मुताबिक, सभी सात लोग 70 से 80 फीसदी तक झुलस चुके हैं। भिवाड़ी जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को तुरंत अलवर रेफर किया गया है, जहाँ उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटे अधिकारी
घटना की खबर मिलते ही फेज थर्ड थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि रेगुलेटर में लीकेज था, जिसे नजरअंदाज करना भारी पड़ गया। प्रशासन अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि सिलेंडर किस एजेंसी का था और क्या उसमें पहले से कोई तकनीकी खराबी थी।
सिलेंडर इस्तेमाल करते समय रखें इन बातों का ख्याल
- गैस की गंध आते ही तुरंत रेगुलेटर बंद करें और खिड़की-दरवाजे खोल दें।
- सिलेंडर की एक्सपायरी डेट हमेशा चेक करें।
- आईएसआई (ISI) मार्क वाले पाइप और रेगुलेटर का ही इस्तेमाल करें।
- रात को सोने से पहले रेगुलेटर बंद करना न भूलें।
पढ़ें ये खबरें
- ‘कहीं अमेरिका को हार्ट अटैक न आ जाए’, ईरान ने US को दी खतरनाक हथियार की धमकी
- मुख्यमंत्री डॉ मोहन का नायक अवतार! ट्रॉली पर चढ़े, किसानों से इस अंदाज में जाना हाल; देखिए फोटो
- सुप्रीम कोर्ट में छलका पवन खेड़ा का दर्दः रिंकी भुईंया मामले में अग्रिम जमानत के लिए पहुंचे शीर्ष न्यायालय, बोले- हिमंत कहते हैं तुझे पेलूंगा
- दिल्ली में दर्दनाक हादसा: द्वारका गोल्फ कोर्स तालाब में 3 बच्चों की डूबने से मौत, इलाके में हड़कंप
- बीजेपी विधायक की राज्यपाल से शिकायतः महिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मंगू भाई पटेल से की मुलाकात, जानें क्या है मामला
