मनोज यादव, कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर बस्ती मुख्य मार्ग स्थित एक मकान में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में घर के आंगन में खड़ी ऑटो और दुपहिया वाहन आ गए, जो देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगे। वहीं आगजनी की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लेने से बड़ा हादसा टल गया, वरना आसपास के मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, मकान के आंगन में लगे इलेक्ट्रिक बोर्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग भड़क गई। आग तेजी से फैलते हुए वहां खड़ी ऑटो और बाइक तक पहुंच गई। घटना के समय घर के सदस्य अपने-अपने कमरों में मौजूद थे, लेकिन शुरुआत में उन्हें आग लगने की जानकारी नहीं मिल सकी। जैसे ही आग की लपटें बढ़ीं, घर में मौजूद लोग बाहर भागकर अपनी जान बचाए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मकान लोचन सोनी का है, जो घर के पास ही साइकिल दुकान संचालित करते हैं और ऑटो भी चलाते हैं। आगजनी की इस घटना में उन्हें भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल, आग पर काबू पा लिया गया है।

देखिये वीडियो-

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H