NEET UG 2026: देश की सबसे बड़ी मेडिकल परीक्षा NEET UG से ठीक एक दिन पहले कोचिंग सिटी कोटा से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां कुन्हाड़ी इलाके में एक नीट छात्र ने हॉस्टल की छत से कूदकर अपनी जान दे दी है। इस खबर के बाद से पूरे शहर के छात्र सकते में हैं। उधर, एनटीए (NTA) ने कल होने वाली परीक्षा को लेकर सभी परीक्षार्थियों के लिए एक बहुत ही जरूरी एडवाइजरी जारी की है, जिसे अनदेखा करना भारी पड़ सकता है।

परीक्षा के तनाव ने ली एक और जान!

जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड के अल्मोड़ा का रहने वाला छात्र दीक्षित प्रसाद पिछले 2 साल से कोटा में रहकर डॉक्टर बनने का सपना बुन रहा था। कल यानी 3 मई को उसकी परीक्षा थी, लेकिन उससे पहले ही उसने मौत को गले लगा लिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा के भारी तनाव के चलते छात्र ने यह खौफनाक कदम उठाया। कुन्हाड़ी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।

NEET UG 2026 परीक्षा से ठीक एक दिन पहले उठाए गए इस खौफनाक कदम ने एक बार फिर कोचिंग सिटी में छात्रों के मानसिक दबाव और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वहीं कल होने वाली नीट परीक्षा के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षार्थियों को अलर्ट किया है। एजेंसी ने साफ कहा है कि छात्र परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए सिर्फ गूगल मैप (Google Map) के भरोसे न रहें। दरअसल, कई सेंटर्स की लोकेशन मैप पर सटीक नहीं दिख रही है। ऐसे में अंतिम समय में रास्ता भटकने से आपकी साल भर की मेहनत बर्बाद हो सकती है। प्रशासन ने सलाह दी है कि छात्र आज ही जाकर अपना सेंटर देख लें या एडमिट कार्ड पर दिए पते की लोकल स्तर पर पुष्टि कर लें।

इस बार नीट में कॉम्पिटिशन जबरदस्त है। देश भर से करीब 22,79,743 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिसमें बेटियों की संख्या (13.3 लाख) बेटों से कहीं ज्यादा है। राजस्थान के बड़े केंद्रों पर भारी भीड़ को देखते हुए जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने मोर्चा संभाल लिया है। कलेक्टर ने साफ आदेश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान ट्रैफिक से लेकर सुरक्षा तक के पुख्ता इंतजाम रहें। किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पढ़ें ये खबरें