Rajasthan News: राजस्थान विधानसभा के गलियारों से सचिवालय के कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर आई है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने एक झटके में 52 अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति (प्रमोशन) की फाइल पर मुहर लगा दी है। खास बात यह है कि इस बार सिर्फ बड़े अफसर ही नहीं, बल्कि सालों से एक ही पद पर जमे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भी किस्मत चमक गई है।

सचिवालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस प्रमोशन लिस्ट में हर कैडर का ख्याल रखा गया है। आदेश जारी होते ही विधानसभा में बधाई देने वालों का तांता लग गया। प्रमोट होने वालों में 6 उप सचिव, 7 सहायक सचिव और 8 अनुभाग अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा सहायक अनुभाग अधिकारी, क्लर्क ग्रेड प्रथम और द्वितीय के पदों पर भी नए चेहरे अब जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे। तकनीकी विंग को भी नहीं भूला गया है; संपादक, पुस्तकालयाधिकारी और विधि रचना अधिकारियों को भी प्रमोशन का तोहफा मिला है।

डॉ. देवनानी के इस फैसले की सबसे ज्यादा चर्चा विधानसभा के निचले पायदान पर काम करने वाले कर्मचारियों के बीच है। कुल 52 लोगों की लिस्ट में से 20 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और 12 जमादार शामिल हैं। सूत्रों की मानें तो विधानसभा के इतिहास में ऐसा कम ही देखा गया है जब मई की शुरुआत में ही इतनी बड़ी संख्या में और इतनी तेजी से प्रमोशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई हो। अपनी तरक्की देख चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने स्पीकर का दिल से आभार जताया है।

दो साल में प्रमोशन का नया रिकॉर्ड

विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर डॉ. वासुदेव देवनानी का यह कार्यकाल प्रमोशन के मामले में अब तक का सबसे तेज कार्यकाल साबित हो रहा है। पिछले दो सालों के भीतर यह तीसरी बड़ी लिस्ट है। बता दें कि 15 अगस्त 2024 में 47 कर्मचारियों को मिली थी तरक्की। दीपावली 2025 में भी 22 कर्मियों का प्रमोशन हुआ था। पिछले 24 महीनों में कुल 121 कर्मियों को पदोन्नत कर एक नया रिकॉर्ड सेट कर दिया गया है।

पढ़ें ये खबरें