Jaipur News: राजस्थान की राजनीति में इन दिनों बंगाल जीत को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (PCC) में मंगलवार को माहौल उस वक्त गर्मा गया जब प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बीजेपी के राजस्थान मॉडल की जमकर धज्जियां उड़ाईं। दरअसल, बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी ने वहां की जीत का सेहरा राजस्थान के बीजेपी नेताओं के सिर बांधा था, जिस पर डोटासरा ने ऐसा पलटवार किया है कि राजधानी के सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है।

अपनी सीट हारने वाले बंगाल में किंगमेकर कैसे?
डोटासरा ने सीधा निशाना साधते हुए राजेंद्र राठौड़, कैलाश चौधरी और अरुण चतुर्वेदी का नाम लिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह बात किसी के गले नहीं उतर रही कि जो नेता राजस्थान के विधानसभा और लोकसभा चुनावों में अपनी खुद की सीट तक नहीं बचा पाए, वे बंगाल जाकर जीत की रणनीति कैसे बना सकते हैं? सूत्रों की मानें तो डोटासरा ने इसे बीजेपी का ‘हवाई किला’ करार दिया और कहा कि खुद की जमीन खिसकी हुई है और दावा बंगाल फतह का किया जा रहा है।
सचिन पायलट का दिया उदाहरण, बीजेपी को घेरा
पीसीसी चीफ ने अपनी पार्टी का पक्ष रखते हुए कहा कि कांग्रेस में जिम्मेदारी हवा में नहीं बांटी जाती। उन्होंने सचिन पायलट का जिक्र करते हुए कहा कि जब कांग्रेस किसी को दूसरे राज्य भेजती है, तो उसके पीछे ठोस चुनावी आधार होता है। डोटासरा के मुताबिक, केरल चुनाव में सचिन पायलट को ऑब्जर्वर बनाने का पार्टी को सीधा फायदा मिला था। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि कांग्रेस हमेशा जीतने वाले और जमीन से जुड़े नेताओं को ही जिम्मेदारी सौंपती है, न कि उन्हें जो चुनाव हार चुके हों।
हिम्मत है तो राजस्थान में चुनाव कराओ
अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के आखिरी दौर में डोटासरा ने राजस्थान बीजेपी को उनके ही घर में ललकारा। उन्होंने खुला चैलेंज देते हुए कहा कि अगर बीजेपी नेताओं को अपनी चुनावी रणनीति पर इतना ही भरोसा है, तो वे तुरंत निकाय और पंचायत चुनाव करवाकर देख लें। डोटासरा ने कहा, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा कि जनता किसके साथ है और किसकी रणनीति में कितना दम है।
पढ़ें ये खबरें
- “आज मैं सुरक्षित हूं तो सिर्फ पुलिस की सतर्कता की वजह से”- पद्मश्री फूलबासन यादव
- हिमाद्रि केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि…हॉकी आइस टीम की जर्सी को लॉन्च कर CM धामी ने दिया बड़ा बयान, कहा- हमारी सरकार खेल संस्कृति और खिलाड़ियों को…
- प्री-वेडिंग शूट, बर्थडे पार्टी और किटी… खाली दौड़ रही मेट्रो में होंगे जश्न और शूटिंग, नुकसान की भरपाई के लिए नया प्लान! जानिए किराया
- करनाल से निकली आस्था की स्पेशल ट्रेन… बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी, क्या ये योजना बदल देगी माहौल?
- फसल की जब्ती और जमीन विवाद से परेशान आदिवासी परिवार, पुलिस प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप, आत्मदाह की दी चेतावनी
