अंबाला पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब और पव्वे बरामद किए हैं।
अनिल शर्मा, अंबाला। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी करते हुए अवैध शराब तस्करी के मामले में चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से कुल करीब 95 बोतल अवैध शराब बरामद की गई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर जिला पुलिस लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही है ताकि नशा मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।
अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी का विवरण
इस कार्रवाई का विस्तार से विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि थाना साहा की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव बिहटा में छापेमारी कर लालचंद को 24 बोतल और 140 पव्वे अवैध शराब के साथ पकड़ा। वहीं, थाना अंबाला छावनी की पुलिस टीम ने CBA पार्क के पास से साहिल कुमार को गिरफ्तार कर उससे 12 बोतल और 6 पव्वे बरामद किए। अंबाला शहर की शालीमार कॉलोनी में हुई कार्रवाई में अनिल कुमार को 44 पव्वे शराब सहित पकड़ा गया, जबकि थाना शहजादपुर पुलिस ने मंडी मोड़ के पास से कमल कुमार को 11 बोतल अवैध शराब के साथ काबू करने में सफलता हासिल की।

