Sikar News: राजस्थान के सीकर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आपकी रूह कांप जाएगी। यहां साइबर ठगों ने एक 72 साल के रिटायर्ड सीए (CA) को उनके ही घर में डिजिटल अरेस्ट कर लिया। मामला सिर्फ चंद घंटों का नहीं, बल्कि पूरे 24 दिनों का है। ठगों ने बुजुर्ग को इतना डराया कि उन्होंने पाई-पाई जोड़कर बचाए गए 1 करोड़ 3 लाख रुपये ठगों के हवाले कर दिए। सीकर पुलिस अब इस हाईटेक लूट की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

महिलाओं को गंदे मैसेज भेजने का दिखाया डर
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित हनुमान सिंह गुरुग्राम से रिटायर होकर फिलहाल सीकर में रह रहे थे। 1 अप्रैल को उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को सीबीआई और सीआईडी का बड़ा अफसर बताया। ठगों ने बुजुर्ग से कहा कि उनके मोबाइल नंबर से महिलाओं को अश्लील मैसेज भेजे जा रहे हैं और उनके बैंक खातों से करोड़ों का अवैध लेन-देन हुआ है। फर्जी एफआईआर और कोर्ट के कागजात व्हाट्सएप पर दिखाकर बुजुर्ग को पूरी तरह मानसिक रूप से तोड़ दिया गया।
24 दिन तक कैमरे के सामने कैद रहे हनुमान सिंह
हैरानी की बात यह है कि जालसाजों ने उन्हें 24 दिनों तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ रखा। यानी उन्हें आदेश दिया गया कि वे मोबाइल का कैमरा बंद नहीं करेंगे और किसी से बात नहीं करेंगे। इस दौरान बुजुर्ग अपने ही घर में एक कैदी की तरह रहे। डीवाईएसपी जीवनलाल खत्री ने बताया कि 4 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच ठगों ने बुजुर्ग के खाते से अलग-अलग किस्तों में कुल 1,03,81,000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब ठगों का मन नहीं भरा और पैसे खत्म हो गए, तब जाकर बुजुर्ग को अपनी गलती का अहसास हुआ।
बता दें कि इस बड़ी ठगी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उन बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है जिनमें पैसा ट्रांसफर हुआ था।
पढ़ें ये खबरें
- Sikar News: सीकर में रिटायर्ड CA का डिजिटल किडनैप, 24 दिन तक कैमरे के सामने रखा कैद, 1 करोड़ पार
- अम्बाला कृषि विभाग की अपील: गेहूं के अवशेष न जलाएं, वरना लगेगा जुर्माना
- युवती ने प्रेमी को फर्जी केस में फंसाया, स्नैपचैट ने खोल दिया राज, POCSO कानून पर कोर्ट की सख्त टिप्पणी, युवक बरी
- जिंदगी बचाने निकली एंबुलेंस खुद हुई बीमार, NH-43 पर बीच सड़क निकला दम, छोड़ने लगी धुआं
- ‘मैंने NDA में अफसरों को पढ़ाया…’, फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने वाले बाबा को मिलिट्री हॉस्पिटल ले गई आर्मी, तंगहाली में कर रहे थे गुजर-बसर

